UP MLC Election 2021: UP विधान परिषद चुनाव में BJP के दस तथा SP के दोनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, मिले निर्वाचन प्रमाण पत्र
UP MLC Election 2021 भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा के साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा पीएम नरेंद्र मोदी के बेहद करीबी रिटायर्ड आइएएस अफसर मऊ निवासी अरविंद कुमार शर्मा को मैदान में उतारा था।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीट पर अब 28 जनवरी को मतदान नहीं होगा। आज यानी 21 जनवरी को नाम वापसी के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी के दस तथा समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित किया गया।
विधान मंडल ने इन सभी 12 को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा के साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा पीएम नरेंद्र मोदी के बेहद करीबी रिटायर्ड आइएएस अफसर मऊ निवासी अरविंद कुमार शर्मा को मैदान में उतारा था।
निर्दलीय महेश चंद्र शर्मा का नामांकन पत्र खारिज होने के बाद भाजपा के दस तथा समाजवादी पार्टी के दोनों प्रत्याशियों का निर्वाचन तय हो गया था। आज इस पर मुहर लग गई। विधान परिषद सचिवालय ने सभी को निर्वाचन प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया है।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए आज निर्वाचित हुए सभी सम्मानित सदस्यों को हार्दिक बधाई।
मुझे विश्वास है कि 'अंत्योदय' व 'आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' की संकल्पना की पूर्णता में आप सभी सहायक सिद्ध होंगे।
आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए मेरी मंगलकामनाएं।— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 21, 2021
भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, विधान परिषद सदस्य लक्ष्मण आचार्य तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला के साथ अरविंद कुमार शर्मा, सलिल विश्नोई, अश्विनी त्यागी, सुरेंद्र चौधरी, धर्मवीर प्रजापति व कुंवर मानवेंद्र सिंह अब विधान परिषद सदस्य हो गए हैं। भाजपा के सभी दस प्रत्याशियों ने सोमवार को ही उत्तर प्रदेश विधानमंडल के टंडन हॉल नामांकन दाखिल किया था।
बीते शुक्रवार को नामांकन करने वाले नेता विपक्ष विधान परिषद अहमद हसन के साथ अखिलेश यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे राजेंद्र चौधरी भी समाजवादी पार्टी की तरफ से उच्च सदन में बैठेंगे।