BJP Fires on Mamta Banarjee: योगी आदित्यनाथ के मंत्री आनंद स्वरूप ने कहा- ममता बनर्जी इस्लामिक आतंकवादी
BJP Fires on Mamta Banarjee बलिया के निवासी आनंद स्वरूप शुक्ला ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री तथा तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी को इस्लामिक आतंकवादी कहा है। शुक्ला ने दावा भी किया है पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री ममता को पड़ोसी बांग्लादेश में शरण लेनी पड़ेगी।
लखनऊ, जेएनएन। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी का तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष तथा पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर जोरदार हमला जारी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ ही गृह मंत्र अमित शाह तथा उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लगातार बंगाल का दौरा कर रहे हैं तो राज्यों में भी भाजपा के नेता ममता बनर्जी पर लगातार हमला बोल रहे हैं।
ताजा मामला उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला का है। बलिया के निवासी आनंद स्वरूप शुक्ला ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री तथा तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी को इस्लामिक आतंकवादी कहा है। इतना ही नहीं शुक्ला ने दावा भी किया है पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री ममता को पड़ोसी बांग्लादेश में शरण लेनी पड़ेगी। प्रदेश के संसदीय कार्य राज्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने कहा कि ममता बनर्जी तो भारतीयता में जरा सा भी विश्वास नहीं करती हैं। उन्होंने तो हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया है। वह एक इस्लामिक आतंकवादी हैं। पश्चिम बंगाल में उन्होंने मंदिरों को तोड़ने और देवी-देवताओं का अपमान करने का काम किया है। यह तो तय है कि वह बांग्लादेश के इशारे पर काम कर रही है।
मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी विधानसभा चुनाव में बुरी तरह से हार जाएंगी, जिसके बाद उन्हेंं बांग्लादेश में शरण लेनी होगी। शुक्ला ने कहा कि ममता बनर्जी तो अब बांग्लादेशी बन गई हैं। ममता बनर्जी पूरी तरह से बांग्लादेशी बन गई हैं और इस्लामिक आतंकवादियों के इशारे पर काम कर रही हैं। वह तो देश के लिए सबसे बड़ी खतरा बन गई हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद वह (ममता बनर्जी) बांग्लादेश में शरण लेने के लिए तैयार रहें। वह तो इन दिनों सिर्फ रोहिंग्या मुसलमान और बांग्लादेश से आए लोगों का ही राशन कार्ड बनवा रही हैं।
शुक्ला ने कहा कि 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' बोलने वाले मुसलमानों का ही भारत में सम्मान होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में बीजेपी के साथ वहां के बहुसंख्यक लोग खड़े हो गए हैं। ममता सिर्फ मुस्लिमों की नेता रह गईं हैं। वो हिंदुओं पर जुल्म कर रहीं हैं। वहां की जनता ने चुनाव में उन्हें सत्ता से बेदखल करने का मन बना लिया है। अप्रैल में पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों पर विधानसभा के चुनाव होने हैं। पिछले दस वर्षों से ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस राज्य की सत्ता पर काबिज है।