Move to Jagran APP

UP MLC Results 2020: विधान परिषद स्नातक कोटे की सीटों पर भाजपा-सपा के बीच कांटे की टक्कर

UP MLC Results 2020 उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक कोटे की सीटों पर जहां भारतीय जनता पार्टी ने परचम लहराया है वहीं स्नातक कोटे की पांच सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी में कांटे की टक्कर चल रही है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 04 Dec 2020 10:12 PM (IST)Updated: Fri, 04 Dec 2020 10:12 PM (IST)
UP MLC Results 2020: विधान परिषद स्नातक कोटे की सीटों पर भाजपा-सपा के बीच कांटे की टक्कर
उत्तर प्रदेश विधान परिषद स्नातक कोटे की पांच सीटों पर भाजपा और सपा में कांटे की टक्कर चल रही है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक कोटे की सीटों पर जहां भारतीय जनता पार्टी ने परचम लहराया है वहीं, स्नातक कोटे की पांच सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी में कांटे की टक्कर चल रही है। सबसे बड़ा उलटफेर इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर हुआ है। वहां चार बार के भारतीय जनता पार्टी विधायक यज्ञदत्त शर्मा चुनाव हार गए हैं। उन्हें समाजवादी पार्टी के डॉ. मान सिंह यादव ने हराया है। अभी तक हुई मतगणना से मिले रुझानों के अनुसार स्नातक कोटे की पांच सीटों में एक समाजवादी पार्टी जीत चुकी है, जबकि एक सीट पर वह आगे चल रही है। भारतीय जनता पार्टी भी दो सीटों पर आगे चल रही है। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने बढ़त बनाई है। 

loksabha election banner

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर 24 साल तक राज करने वाली भारतीय जनता पार्टी को समाजवादी पार्टी ने करारी शिकस्त दी है। प्रथम वरीयता के वोटों में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव को 19,421 वोट मिले जबकि भारतीय जनता पार्टी के डॉ. यज्ञदत्त शर्मा को 16,888 वोट मिले। समाजवादी पार्टी ने यहां चार बार के विधायक यज्ञदत्त शर्मा को हराया है।

मेरठ खंड स्नातक सीट पर आठ राउंड की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल ने चार बार के विजयी निर्दलीय प्रत्याशी हेम सिंह पुंडीर से 13,082 वोटों की बढ़त बना ली थी। दिनेश गोयल को 19,994 वोट मिले जबकि हेम सिंह पुंडीर को 6,912 वोट मिले।

आगरा खंड स्नातक सीट पर भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह ने शुरुआत में पिछड़ने के बाद चौथे चरण से बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। सातवें राउंड में मानवेंद्र सिंह 3818 वोटों से आगे चल रहे थे। उन्हें 31062 वोट मिले हैं जबकि दूसरे स्थान पर सपा प्रत्याशी डॉ. असीम यादव को 27244 वोट मिले हैं। तीसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को 19020 वोट मिले हैं।

वाराणसी खंड स्नातक सीट पर पांचवें चक्र में भी सपा की बढ़त बरकरार थी। सपा के आशुतोष सिन्हा को 18679 व भाजपा प्रत्याशी व निवर्तमान विधायक केदारनाथ सिंह को 16665 वोट मिले हैं। पांच चरण की मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी भाजपा से 2014 मतों से आगे हैं।

लखनऊ खंड स्नातक सीट पर तीसरे चरण की मतगणना के बाद निर्दलीय प्रत्याशी कांति सिंह भाजपा के अवनीश कुमार सिंह से 657 वोटों से आगे थीं। यहां दोनों प्रत्याशियों के बीच वोटों का अंतर कम होने के कारण भाजपा व निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों के बीच तनाव है। दोनों के समर्थकों आपस में भिड़ चुके हैं। यहां नौ राउंड पूरा होने के बाद दूसरी वरीयता की मतगणना शुरू होगी। शनिवार को ही परिणाम आने की उम्मीद है।

झांसी में पुलिस और भाजपाइयों के बीच हाथापाई : झांसी में मतगणना केंद्र के बाहर आज उस समय विवाद हो गया जब भाजपाई मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जबरन मतगणना केंद्र में घुसने लगे। पुलिस ने रोका, तो वह पुलिस से उलझ गए और धक्का-मुक्की करते हुए आगे बढ़ने लगे। इससे कुछ सिपाही गिर पड़े। पुलिस ने बल का प्रयोग किया तो दूसरा पक्ष भी हाथापाई पर उतर आया। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। एक तरफ भाजपा विधायकों के नेतृत्व में कार्यकर्ता धरना देने लगे तो दूसरी ओर सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के समर्थन में धरना दिया। बाद में भाजपा प्रत्याशी यज्ञदत्त शर्मा के समझाने पर कार्यकर्ताओं ने धरना खत्म किया। इसके बाद सपा कार्यकर्ता भी उठ गए।

यह भी पढ़ें : विधान परिषद की 6 शिक्षक सीटों में से 3 पर बीजेपी का कब्जा, ओम प्रकाश शर्मा चुनाव हारे


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.