UP Coronavirus News Update: यूपी में कोरोना के 2,170 नए रोगी मिले, स्वस्थ हुए 2,253
UP Coronavirus News Update प्रदेश में अब तक कुल 5.39 लाख लोग कोरोना की चपेट में आए हैं जिसमें 5.06 लाख मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बीते 24 घंटे में 1.74 लाख लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया।
लखनऊ, जेएनएन। प्रदेश में शनिवार को कोरोना के 2,170 नए रोगी मिले, जबकि इससे कहीं ज्यादा 2,253 मरीज स्वस्थ हुए। ऐसा कई दिन बाद हुआ, जब स्वस्थ होने वालों की संख्या नए मरीजों के मुकाबले अधिक रही। अभी तक इस महीने नवंबर में लगातार यही स्थिति थी। हालांकि 18 नवंबर को नए रोगियों के मुकाबले स्वस्थ होने वालों की संख्या ज्यादा थी। इस बीच बीते 24 घंटे में 21 और लोगों की मौत के कोरोना से अब तक 7,718 लोगों की जान जा चुकी है। कोरोना की मृत्यु दर अब 1.43 फीसद है।
प्रदेश में अब तक कुल 5.39 लाख लोग कोरोना की चपेट में आए हैं, जिसमें 5.06 लाख मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि बीते 24 घंटे में 1.74 लाख लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया। अब तक 1.89 करोड़ लोगों की जांच कराई जा चुकी है। कोरोना से बचाव केलिए सरकारी व निजी कार्यालयों में 65,463 हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। इनके जरिये कोरोना के लक्षण वाले 10 लाख लोगों को चिन्हित कर उनका टेस्ट कराया जा चुका है। अब तक 14.44 करोड़ लोगों की मेडिकल स्क्रीङ्क्षनग की जा चुकी है। दूसरी तरफ अब तक 2.33 लाख लोग ई-संजीवनी पोर्टल की मदद से डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श भी ले चुके हैं।
लखनऊ में कोरोना के 290 मरीज, अस्पतालों में छह की मौत
लखनऊ में कोरोना का जानलेवा खेल जारी है। शुक्रवार को जहां कोरोना से मरीजों की मौताें पर ब्रेक रहा। वहीं शनिवार को राजधानी के छह निवासियों की सांसें थम गईं। राजधानी में शनिवार को 290 मरीज पाए गए। वहीं अस्पताल में भर्ती छह मरीजों की सांसें थम गईं। सर्वाधिक मरीज इंदिरा नगर के 28, गोमती नगर के 29, रायबरेली रोड के 16, आलमबाग के 10 , चौक के 18, आशियाना के 16, महानगर के 10, जानकीपुरम के 24, विकास नगर के 17 , तालकटोरा के 10 पाए गए। शेष मरीज अन्य इलाकों के रहे। 352 मरीजों ने वायरस को हराने में कामयाबी हासिल की। 65 मरीजों की हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें 12 के करीब मरीज वेंटिलेटर पर शिफ्ट किए गए। वर्तमान में सक्रिय होम आईसोलेशन में 2432 रोगी हैं। सर्विलांस व कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर टीमों द्वारा 10,876 लोगों का सैंपल संग्रह किया है।