Move to Jagran APP

JP Nadda New Team: धौरहरा से MP रेखा वर्मा BJP की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री राजेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष नियुक्त

JP Nadda New Team जेपी नड्डा ने शनिवार को अपनी भारी भरकम टीम घोषित की है। अपनी इस 69 सदस्यीय टीम में नड्डा ने उत्तर प्रदेश को भी खासी तव्वजो दी है। इस टीम में उत्तर प्रदेश से 11 लोगों को जगह मिली है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sat, 26 Sep 2020 05:06 PM (IST)Updated: Sun, 27 Sep 2020 07:02 AM (IST)
JP Nadda New Team: धौरहरा से MP रेखा वर्मा BJP की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री राजेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष नियुक्त
धौरहरा से MP रेखा वर्मा भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री राजेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष

लखनऊ, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को अपनी भारी भरकम टीम घोषित की है। अपनी इस 69 सदस्यीय टीम में नड्डा ने उत्तर प्रदेश को भी खासी तव्वजो दी है। इस टीम में उत्तर प्रदेश से 11 लोगों को जगह मिली है। 

loksabha election banner

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को लगातार दो बार (2014 व 2019) शिकस्त देकर भारतीय जनता पार्टी से लोकसभा सदस्य रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना गया है। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में वित्त मंत्री रहे राजेश अग्रवाल को भाजपा का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तथा शिवप्रकाश राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री पद पर बरकरार हैं। इनके साथ चायल से सांसद विनोद सोनकर तथा बस्ती से सांसद हरीश द्विवेदी का राष्ट्रीय मंत्री, अमित मालवीय को प्रभारी आइटी व सोशल मीडिया सेल, फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य डॉ. सुधाशु त्रिवेदी व सैय्यद जफर इस्लाम के साथ सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। सभी को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने बधाई दी।

किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर 

फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर को पार्टी नेतृत्व ने भाजपा किसान मोर्चा की जिम्मेदारी दी है। उन्हें मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। किसान परिवार से जुड़े राजकुमार चाहर पूर्व में भी मोर्चा से जुड़े रहे हैं। वह 1996 से 2000 तक किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे। 2007 से 2009 तक मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व संभाला। वर्तमान में मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हैं।

1992 से 1996 तक भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी रहे। चाहर 2007 में फतेहपुर सीकरी सीट से भाजपा के टिकट व 2012 में किसान सेना के सहयोग से निर्दलीय चुनाव लड़े। दोनों ही चुनाव में पराजित रहे। 2019 में भाजपा ने फतेहपुर सीकरी सीट से संसदीय चुनाव में उतारा। इसमें चाहर ने जीत हासिल की।

स्वतंत्र देव व सुनील बंसल ने दी बधाई

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की घोषित की गई केंद्रीय टीम के सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुझे आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि नई केंद्रीय टीम के सभी सदस्य अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति एवं मजबूत संकल्प के साथ संगठन के निर्माण में नए आयाम स्थापित करेगें। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नवनियुक्त केंद्रीय टीम में उत्तर प्रदेश को भी मजबूत प्रतिनिधित्व देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के प्रति धन्यवाद भी ज्ञापित किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह ने केंद्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से शामिल रेखा वर्मा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अरूण सिंह राष्ट्रीय महामंत्री, शिव प्रकाश राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, विनोद सोनकर राष्ट्रीय मंत्री, हरीश द्विवेदी राष्ट्रीय मंत्री, राजेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष, अमित मालवीय प्रभारी आईटी व सोशल मीडिया, राजकुमार चाहर किसान मोर्चा अध्यक्ष, सुधांशु त्रिवेदी राष्ट्रीय प्रवक्ता, गौरव भाटिया राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा सैय्यद जफर इस्लाम को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाने पर बधाई व शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी जेपी नड्डा की टीम में महामंत्री रहे अनिल जैन, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के दारा सिंह चौहान, किसान मोर्चा के वीरेन्द्र सिंह मस्त तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता व विजय सोनकर शास्त्री जगह नहीं मिली है।

तेज तर्रार नेताओं में रेखा वर्मा की गिनती 

लखीमपुर जिले के पसगावां ब्लाक के मोहम्मदी की निवासी रेखा वर्मा की गिनती तेज तर्रार नेताओं में होती है। इनके खिलाफ सिपाही ने थप्पड़ मारने के बाद केस दर्ज कराया था तो सीतापुर के महोली से भाजपा विधायक शशांक त्रिवेदी से इनकी नोंकझोंक भी जाहिर है। लखीमपुर की मोहम्मदी कोतवाली में तैनात सिपाही श्याम सिंह ने सांसद रेखा वर्मा के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसके साथ ही सीतापुर के महोली से भारतीय जनता पार्टी के विधायक शशांक त्रिवेदी के साथ सांसद रेखा वर्मा नोंकझोंक जगजाहिर है। दोनों के बीच महोली तहसील प्रांगण में कंबल वितरण को लेकर जमकर जूतम-पैजार हुई थी।

अरुण सिंह ने आरएसएस में संपर्क प्रमुख की जिम्मेदारी निभाई

अरुण सिंह मिर्जापुर जिले के वैधा गांव के निवासी हैं। उनका जन्म 1965 में हुआ था। उनके पिता विजय नारायण प्राइमरी शिक्षक थे। चार भाईयों में अरुण सिंह सबसे छोटे हैं। अरुण सिंह ने 1984 में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से स्नातक करने के बाद दिल्ली में 1988 में सीए की पढ़ाई पूरी की। एसबीआई और यूनियन बैंक में सात वर्ष नौकरी कर चुके अरुण सिंह यूनाइटेड नेशन और वर्ल्ड बैंक मैं कंसल्टेंट के पद पर भी रह चुके हैं। अरुण सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक रहे हैं। आरएसएस में संपर्क प्रमुख की जिम्मेदारी निभाई है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा यूथ विंग में कैरियर की शुरुआत की। अरुण सिंह भाजयुमो में 1999 से 2004 के बीच उपाध्यक्ष रहे। नेशनल कन्वेंंटनर, इन्वेस्टर शैल में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के पद पर हैं। साथ ही उड़ीसा के स्टेट प्रभारी हैं। 2014 में मोदी कैंपियन में भी अरुण सिंह ने बड़ी जिम्मेदारी निभाई थी। अरुण सिंह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्तेदार हैं। वह उत्तर प्रदेश से करीब दस महीने पहले ही राज्यसभा सदस्य भी निर्वाचित हुए थे।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.