UP Weather Update: अभी बरसेंगे मेघ, अगले दो-तीन दिन जारी रहेगा बारिश का दौर
UP Weather Update ठंडी हवाओं से मौसम खुशगवार हो गया। बारिश के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 कम 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ, जेएनएन। बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिली है। बीते दो दिन से रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन प्रदेश में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। राजधानी में गुरुवार को भी बादल छाए हुए हैं। सुबह से ही बौछारें पड़ रही हैंं। मंगलवार रात बारिश का जो सिलसिला शुरू हुआ था वह बुधवार सुबह तक जारी रहा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही धूप निकल आई और मौसम साफ हो गया। लेकिन दोपहर बाद फिर बादल छा गए। बदली के चलते उमस भी काफी रही। शाम होते होते बारिश शुरू हो गई।
ठंडी हवाओं से मौसम खुशगवार हो गया। बारिश के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 कम 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में शाम साढ़े पांच बजे तक 16.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून की ट्रफ लाइन प्रदेश से होकर गुजर रही है जिसके चलते अगले दो-तीन दिन बारिश का सिलसिला फिलहाल जारी रहने की उम्मीद है।
वहीं गोंडा में गुरुवार की सुबह जिला मुख्यालय सहित कई इलाकों में बारिश हो रही है। बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं फसलों के लिए भी यह फायदेमंद है। उधर घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान नदी का जल स्तर खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर है। इसके कारण माझा क्षेत्र के गांवों में बाढ़ का पानी भरा है। बहराइच में जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में बादल छाए हुए हैं। बारिश न होने के कारण उमस बरकरार है।