क्रेन ने बोलेरो में मारी टक्कर, एक की मौके पर मौत; बिहार से दोस्तों संग जा रहा था आगरा
बिहार के गोपालगंज से आगरा मजदूरी के लिए अपनी कार से जा रहे थे सात दोस्त। आशियाना थाने में क्रेन चालक पर दर्ज हुआ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा।
लखनऊ, जेएनएन। बिहार के गोपालगंज से मजदूरी के लिए आगरा जा रहे सात दोस्तों की बोलेरो को शहीद पथ पर एक अज्ञात क्रेन ने टक्कर मार दी, जिससे उनके एक साथी की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार की रात करीब 10:45 बजे हुआ। मामले में क्रेन के अज्ञात चालक पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा आशियाना थाने में दर्ज हो गया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। बिहार के गोपालगंज जनपद स्थित कटया थाना के भटवा बाजार निवासी सुशील कुमार मिश्र पुत्र जुगल किशोर मिश्र ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह अपने ही जिले के छह लोगों समेत बोलेरो से गुरुवार को आगरा के लिए निकला था।
उसके साथ में पप्पू पुत्र बच्चा चौबे, राजीव रंजन मिश्रा पुत्र ध्रुप देव मिश्रा, सरबी चंद्र पुत्र शिवचरण शाह, अमित गौड़ पुत्र जगन गौड़, अमित पुत्र दीनानाथ पांडेय व नीतीश कुमार गौड़ पुत्र राजेंद्र गौड़ मौजूद थे। सभी मजदूरी के लिए आगरा जा रहे थे। रात को 10:45 बजे रास्ता पूछने के लिए उन्होंने शहीद पथ पर रमाबाई अंबेडकर मैदान के पास किनारे खड़ी एक पिकअप चालक से रास्ता पूछने के लिए अपनी बोलेरो किनारे लगा दी।
इसी दौरान एक हाइड्रो क्रेन ने तेज रफ्तार से आकर बोलेरो व पिकअप दोनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान पास में खड़े 20 वर्षीय नीतीश कुमार गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्रेन चालक मौके से फरार हो गया। वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। थाना प्रभारी संजय राय ने बताया कि शिकायतकर्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।