यूपी में बसों पर राजनीति का मामला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को नहीं मिली जमानत
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू के खिलाफ आगरा में लॉकडाउन उल्लंघन और लखनऊ में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
लखनऊ, एएनआई। यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को आज भी जमानत नहीं मिली। गौरतलब है कि अजय कुमार लल्लू की जमानत के लिए सेशन कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। अब उनकी जमानत पर एमपी-एमएलए कोर्ट मे 28 मई को सुनवाई होगी।
बता दें कि श्रमिकों और कामगारों को अन्य राज्यों से लाने के लिए बसों की सूची में फर्जीवाड़ा करने के मामले में अजय कुमार लल्लू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन्हें लखनऊ पुलिस ने बुधवार को आगरा से गिरफ्तार किया गया था। लल्लू को गुरुवार को गोसाईगंज स्थित जिला जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। जेल में बने क्वारंटाइन बैरक में उन्हें रखा गया है। कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कांग्रेस द्वारा श्रमिकों की मदद के लिए 1000 बस चलवाने की अनुमति मांगी थी।
Uttar Pradesh Congress Chief Ajay Kumar Lallu has moved a bail plea in a sessions court; hearing on May 28. He was arrested in connection with protest by party leaders over the issue of movement of buses arranged by Congress for migrant labourers. (file pic) pic.twitter.com/ngIxjyfy3g — ANI UP (@ANINewsUP) May 26, 2020
इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू राजस्थान बार्डर पर खड़ी बसों को यूपी सरकार के अधिकारियों को हैंडओवर कराने आगरा गए थे। यूपी सरकार से अनुमति नहीं मिली और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विरोध करने लगे। इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू के खिलाफ आगरा में लॉकडाउन उल्लंघन और लखनऊ में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर दिया गया। इसके बाद लखनऊ पुलिस ने आगरा जाकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने योगी सरकार के खिलाफ संघर्ष का एलान किया है। यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी के खिलाफ आवास उठाते उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने मंगलवार को ट्वीट करके कहा कि 'यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने संघर्षशील श्रमिक जीवन बिताकर राजनीतिक मुकाम हासिल किया है। 19 मई को यूपी सरकार ने जिस दुर्भावना के साथ उन्हें जेल में डाला है, वह साफ दर्शाता है कि विपक्ष के सकारात्मक सेवाभाव को यूपी सरकार द्वारा ठुकराया और दबाया जा रहा है, लेकिन अजय कुमार लल्लू नहीं झुकेंगे और कांग्रेस पार्टी का काम नहीं रुकेगा। जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा तब तक यूपी कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता उनके लिए आवाज उठाएगा और संघर्ष जारी रखेगा।