लखनऊ में 11 तमंचों के साथ अवैध असलहों का तस्कर गिरफ्तार, पकड़ में आ सकता है बड़ा गिरोह
लखनऊ में पकड़ा गया सुलतानपुर का अवैध असलहों का तस्कर वसूले गए 11 अवैध असलहे।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में अवैध शस्त्रों की तस्करी के बड़े नेटवर्क पुलिस ने पकड़ा है। गाजीपुर थाने की पुलिस ने सोमवार को सुलतानपुर में बम्हरौली, दोस्तपुर निवासी सुरेंद्र उपाध्याय को 11 अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया है कि वह आजमगढ़ और बिहार के मुंगेर से असलहे लाता था।
डीसीपी उत्तरी डॉ. सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के मुताबिक आरोपित ने अब तक 100 से अधिक असलहे तस्करी किए हैं। वह तीन हजार से पांच हजार में तमंचे खरीद कर लाता था और अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को सात से 10 हजार रुपये में बेच देता था। एसीपी गाजीपुर दीपक कुमार सिंह को अवैध तस्करी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद एक टीम गठित की गई।
पड़ताल के दौरान सुरेंद्र को इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन के पास से दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से कुल 11 असलहे मिले, जिसमें सात असलहों की बट लकड़ी की बनी हुई थी। सभी असलहे एक जैसे प्रतीत हो रहे थे। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि सातों असलहे सराय मीर आजमगढ़ से खरीदे हैं। बिहार से खरीदे गए असलहे घर पर रखे हैं। आरोपित असलहों को बेचने के लिए सीतापुर जा रहा था। सीतापुर में सुरेंद्र का साथी ग्राहक तैयार कर रखा था, जिसे असलहे बेचने थे।
गिरोह के बारे में छानबीन
एसीपी दीपक कुमार सिंह के मुताबिक असलहा तस्करी के गिरोह के बारे में पता लगाया जा रहा है। सुरेंद्र के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। असलहे के खरीद फरोख्त में कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी के लिए टीम सीतापुर भेजी गई है। आरोपित ने जौनपुर, सुलतानपुर, हरदोई, बाराबंकी व लखनऊ में असलहे बेचने की बात कुबूल की है। सुरेंद्र पर कुल छह मुकदमे दर्ज हैं।