थाने से 200 मीटर दूर लटकता मिला युवक का शव, तीन दिन से था पुलिस अभिरक्षा में
लखीमपुर के हैदराबाद थानाक्षेत्र का मामला है। महिला को भगाने के आरोप में युवक तीन से था पुलिस हिरासम में आज दर्ज होना था बयान। पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल।
लखीमपुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में एक 22 वर्षीय युवक ने थाने से करीब 200 मीटर दूर फांसी लगा ली। मृतक तीन दिन से पुलिस की अभिरक्षा में था। मृतक पर महिला को भगाने का आरोप था। जिसके तहत उसे हिरासत में लिया गया था। आज सुबह महिला के बयान दर्ज होने से पहले ही हुई युवक की मौत से पुलिस पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उधर, मृतक के परिजनों का आरोप है कि मृत्यु के बारे में पुलिस गुमराह कर रही है, जबकि सुबह ही बेटे से बात हुई थी।
ये है पूरा मामला
मामला जिले के हैदराबाद थानाक्षेत्र का है। यहां के ग्राम उदयपुर लोन पुरवा निवासी विवेक वर्मा (22) पिछले करीब तीन दिन से पुलिस की हिरासत में था। उस पर एक दो बच्चों की मां अंजलि को बहला-फुसलाकर अपने साथ भागने का आरोप था। मामले में पुलिस ने एक एनसीआर भी दर्ज की थी। जिसके तहत शुक्रवार यानि आज महिला के बयान दर्ज होने थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह विवेक के परिजन करीब 10:00 बजे थाने पहुंचे तो उसको वहां नहीं पाया। परिजनों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने जानकारी दी कि विवेक को इलाज के लिए भेजा गया है, उसने आत्महत्या की कोशिश की है। जबकि सुबह 8:00 बजे ही विवेक से बात हुई थी।
थाने से 200 मीटर दूर पेड़ से लटका मिला शव
एसपी पूनम का कहना है कि थाना परिसर के अंदर युवक ने आत्महत्या नहीं की है। थाने के पीछे करीब 200 मीटर दूर एक पेड़ है, जहां युवक ने आत्महत्या की है। मामले की जांच की जा रही है।