बसपा मुखिया मायावती का भाजपा पर हमला जारी, कहा- सत्ता का घोर दुरुपयोग
कर्नाटक में इन दिनों सरकार पर संकट के प्रकरण पर भी मायावती ने भाजपा पर हमला बोला है। मायावती ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को कलंकित कर रही है।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती भारतीय जनता पार्टी पर लगातार हमला बोल रही है। बसपा मुखिया उत्तर प्रदेश के साथ ही हर राज्य में होने वाले किसी भी घटनाक्रम पर भाजपा पर हमला बोलने का कोई भी मौका नहीं छोड़ती हैं।
कर्नाटक में इन दिनों सरकार पर संकट के प्रकरण पर भी मायावती ने भाजपा पर हमला बोला है। मायावती ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को कलंकित कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता का घोर दुरुपयोग करके विधायकों को तोडऩे का काम कर रही है, वह देश के लोकतंत्र को कलंकित करने वाला है।
मायावती ने ट्विटर पर कहा कि भाजपा एक बार फिर जिस प्रकार से अपने धनबल व सत्ता का घोर दुरुपयोग करके कर्नाटक व गोवा में विधायकों को तोडऩे का काम कर रही है वह देश के लोकतंत्र को कलंकित करने वाला है। वैसे अब समय आ गया है जब देश में दल-बदल करने वालों की सदस्यता समाप्त करने वाला सख्त कानून बने।
उन्होंने आगे लिखा कि भाजपा ईवीएम में गड़बड़ी व धनबल आदि से केंद्र की सत्ता में दोबारा आ गई लेकिन 2018 व 2019 में देश में अब तक हुए सभी विधानसभा चुनावों में अपनी हार की खीज अब वह किसी भी प्रकार से गैर-भाजपाई सरकारों को गिराने के अभियान में लग गई है बसपा जिसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है।