UP में पहले आइजी साइबर क्राइम की तैनाती, छह जोन में और खुलेंगे साइबर क्राइम थाने
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 1995 बैच के आइपीएस अधिकारी अशोक कुमार सिंह को आइजी साइबर क्राइम बनाया गया है। 11 अन्य आइपीएस अधिकारियों का स्थानान्तरण भी किया गया है।
लखनऊ, जेएनएन। यूपी में बढ़ते साइबर क्राइम पर शिकंजा कसने और इन मामलों की विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शासन ने पहले आइजी क्राइम की तैनाती कर दी है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस आये 1995 बैच के आइपीएस अधिकारी अशोक कुमार सिंह को आइजी साइबर क्राइम बनाया गया है। लखनऊ व नोएडा के बाद साइबर क्राइम के छह और थाने खोले जाने की योजना है। डीजीपी मुख्यालय ने मेरठ व लखनऊ जोन के अलावा अन्य सभी छह जोन में भी एक-एक साइबर थाना खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
उल्लेखनीय है कि डीजीपी ओपी सिंह ने साइबर क्राइम के मामलों की विवेचना के लिए समुचित कार्ययोजना बनाने के लिए एडीजी तकनीकी सेवाएं आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में कमेटी भी गठित की है। सूबे में साइबर क्राइम के लिए अलग तकनीकी कैडर गठित किये जाने पर भी मंथन चल रहा है। बताया गया कि आइजी साइबर क्राइम अशोक कुमार सिंह लखनऊ स्थित एसटीएफ मुख्यालय में बैठेंगे और साइबर क्राइम के सभी मामलों की मॉनीटरिंग करेंगे। साइबर क्राइम विंग को अब एसटीएफ से अलग कर दिया गया है। अशोक कुमार सिंह नोएडा व मुरादाबाद के एसएसपी समेत अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रह चुके हैं।
शासन ने इसके अलावा 11 अन्य आइपीएस अधिकारियों का स्थानान्तरण भी किया है। इनमें पीपीएस से आइपीएस संवर्ग में पदोन्नति पाने वाले सात पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।
राजेश कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक नगर मथुरा से सेनानायक 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ, सुधा सिंह को पुलिस अधीक्षक गौतमबुद्धनगर से सेनानायक चतुर्थ वाहिनी पीएसी प्रयागराज, अष्टभुजा प्रसाद सिंह को पुलिस अधीक्षक अपराध लखनऊ से सेनानायक 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर, सुभाष चंद्र शाक्य को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, शाहजहांपुर से सेनानायक 39वीं वाहिनी पीएसी मीरजापुर, अशोक कुमार राय को पुलिस अधीक्षक, अंबेडकरनगर से सेनानायक 48वीं वाहिनी पीएसी सोनभद्र तबादला किया गया है।
इसी प्रकार ओम प्रकाश सिंह को पुलिस अधीक्षक एटा से सेनानायक 20वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर, राम बदन सिंह को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण इटावा से सेनानायक 38वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी, अशोक कुमार मीना को अपर पुलिस अधीक्षक अपराध मथुरा से अपर पुलिस अधीक्षक नगर मथुरा, विनीत जायसवाल को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौतमबुद्धनगर से अपर पुलिस अधीक्षक नगर गौतमबुद्धनगर, डॉ.कौस्तुभ को सहायक पुलिस अधीक्षक गौतमबुद्धनगर से अपर पुलिस अधीक्षक नगर गोरखपुर और अर्पणा गौतम को सहायक पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद से अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शाहजहांपुर तैनात किया गया है।