अब मेट्रो के यात्रियों को स्टेशन से ही मिलेगी कैब सुविधा, पहले चरण में ये रूट शामिल
स्टेशनों पर कैब हब बनाने की लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की योजना। फीडर सर्विस का भी विकल्प।
लखनऊ, जेएनएन। नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर में जल्द मेट्रो में चलने वाले यात्रियों को कैब की सुविधा स्टेशन से ही मिलेगी। इसके लिए लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एलएमआरसी) कुछ निजी ऑपरेटरों से बात कर रहा है, जोकि अंतिम चरण में पहुंच गई है। उद्देश्य है, यात्रियों को स्टेशन से कैब मिले, जो उनको उनके घर तक छोड़े। यही नहीं, वापसी में कैब संचालक अन्य ऑपरेटरों की तरह मेट्रो स्टेशन व अन्य गंतव्य के लिए सवारियां भी बुक कर सकेंगे।
प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने बताया कि मेट्रो में यात्रियों का ग्राफ बढ़ाने के लिए एलएमआरसी लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में कैब संचालकों से बातचीत चल रही है। मेट्रो से उतरते ही यात्रियों को अपने गंतव्य के लिए सीधे कैब मिलेगी। इसके लिए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से लेकर मुंशी पुलिया तक मेट्रो स्टेशनों पर हब सर्विस काउंटर खुलेंगे। यहां यात्री आकर वाहन बुक करा सकेंगे। इसके लिए लखनऊ मेट्रो कुछ स्थान तय शर्तो पर निजी ऑपरेटरों को देगा।
एप भी होगा लॉन्च
कुमार केशव ने बताया कि यात्रियों से आरटीओ की गाइड लाइन का पालन करते हुए कैब का किराया लिया जाएगा। इसकी बाकायदा सूची चस्पा होने के साथ ही एप भी लॉन्च किया जाएगा। प्रबंध निदेशक ने बताया जुलाई से एक बार फिर लखनऊ मेट्रो में यात्रियों का हुजूम दिखेगा। इसके लिए मेट्रो रूट पर ऑटो के संचालन पर ब्रेक लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सिर्फ क्रॉस रूट पर इनका संचालन हो, उसके लिए बात हो चुकी है।
बिक चुके 70 हजार गो स्मार्ट कार्ड
राजधानी में 23 किमी लंबे रूट पर चल रही मेट्रो में सफर के लिए 70 हजार गो स्मार्ट कार्ड लखनऊ मेट्रो बेच चुका है। इससे लखनऊ मेट्रो को एक करोड़ चालीस लाख रुपये का राजस्व मिला है। मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि हजारों यात्री कार्ड का उपयोग कर रहे हैं।
पहले चरण में ये रूट होंगे शामिल
मेट्रो रूट पर हजरतगंज, सचिवालय, चारबाग, आलमबाग बस अड्डा, इंदिरा नगर, बादशाह नगर और मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन को पहले चरण में हब सर्विस से लैस किया जाएगा। दूसरे चरण में बचे हुए स्टेशनों पर काम किया जाएगा।
शेयरिंग की सुविधा भी मिलेगी
अधिकारियों ने बताया कि कैब में शेयरिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। यही नहीं, दो पहिया वाहन जो कमर्शियल की श्रेणी में आते हैं, उनका भी विकल्प रखने पर विचार किया जा रहा है।
लखनऊ दर्शन के नाम से चलेंगी इलेक्टिक बसें
शहर में इलेक्टिक बसें लखनऊ दर्शन के नाम से चलेंगी। इन बसों का नंबर और रूट तय हो गया है। ये बसें दुबग्गा डिपो से संचालित की जाएंगी, जिससे बड़ी संख्या में शहरवासियों को राहत मिल सके। लखनऊ दर्शन का रूट नंबर ई-3 बनाया गया है। इस रूट की 14 बसें दुबग्गा सिटी बस डिपो से चलकर बालागंज होते हुए कोनेश्वर चौराहा पहुंचेगी। वहां से घंटाघर, बड़ा इमामबाड़ा, टीले वाली मस्जिद, डालीगंज, रेजीडेंसी, ग्लोब पार्क, मोती महल, सहारागंज, सिकंदरबाग, बालू अड्डा, गोमती बैराज, अम्बेडकर पार्क चौराहा होकर गोमतीनगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क तक जाएंगी। इन बसों को चार्ज करने के लिए 18 चाजिर्ंग प्वाइंट दुबग्गा डिपो में 25 मई तक तैयार हो जाएंगे। सिटी ट्रांसपोर्ट के प्रबंध निदेशक आरिफ सकलैन ने बताया कि तीसरे चरण की 14 बसों के रूट तैयार हैं। यह बसें लखनऊ दर्शन के नाम से संचालित की जाएंगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप