छेड़छाड़ के विरोध में मारपीट-पथराव, गर्म तेल की कढ़ाई में गिरा आरोपी
वजीरगंज क्षेत्र की घटना। स्कूल से घर जा रही युवती को रास्ते में रोककर कर रहा था छेड़छाड़ तीन पर मुकदमा दर्ज।
लखनऊ, जेएनएन। वजीरगंज क्षेत्र में छेड़छाड़ के विरोध में गुरुवार दोपहर दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। पथराव में छात्रा का भाई और परिवारीजन चोटिल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से मुख्य आरोपित भागते समय एक गर्म तेल की कढ़ाई में गिरकर झुलस गया। जिसे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने छात्रा के भाई की तहरीर पर तीन के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
इंस्पेक्टर वजीरगंज अजय कुमार सिंह के मुताबिक गुरुवार को एक छात्रा कॉलेज से लौट रही थी। इस बीच रकाबगंज में दोना-पत्तल की दुकान चलाने वाले कमरान अली, उसके साथी दाऊद और कल्लू ने छात्रा को रोका और छेड़छाड़ करने लगे। विरोध पर अभद्रता की। इस बीच छात्रा का भाई मंदिर जा रहा था। उसने यह देखा तो विरोध किया। विरोध के दौरान कामरान और उसके साथियों ने छात्रा के भाई को जमकर पीट दिया। शोर सुनकर छात्रा पक्ष से लोग आ गए। दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया।
सूचना पर पुलिस पहुंची तो भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भागने के दौरान आरोपित कामरान एक पूड़ी की दुकान में गर्म तेल की कढ़ाई में गिरने से झुलस गया। पुलिस कर्मी उसे बलरामपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां, भर्ती करया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामूली रूप से कामरान पर गर्म तेल की छींटे पड़ी थी। अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, उसके साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। कामरान और उसके साथी आए दिन छात्रा को रास्ते में रोककर उसके साथ छेड़छाड़ करते थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप