परिवहन निगम की पिंक बसों में बेवजह पैनिक बटन दबाया तो लगेगा जुर्माना
महिलाओं को सुरक्षित यात्रा करवाने के लिए शुुुुरू की गईं पिंक बसों में यदि पैनिक बटन बेवजह दबाया तो अब 200 रुपये जुर्माना देना होगा।
लखनऊ, जेएनएन। महिलाओं को सुरक्षित यात्रा करवाने के लिए शुुुुरू की गईं पिंक बसों में यदि पैनिक बटन बेवजह दबाया तो अब 200 रुपये जुर्माना देना होगा। परिवहन निगम पैनिक बटन का दुरुपयोग रोकने के लिए जुर्माना सख्ती से वसूलेगा। इस बटन को बेवजह दबाने से पुलिस भी परेशान हो रही है।
दरअसल, निर्भया फंड से प्रदेश में 25 महिला पिंक बसें खरीदी गईं थीं। इनमें से 16 बसें लखनऊ से विभिन्न स्थानों के लिए चल रही हैं। पिंक बसों की समीक्षा में यह बात सामने आई है कि इसमें यात्री बेवजह पैनिक बटन दबा दे रहे हैं। इस कारण बस की लोकेशन पर तत्काल पुलिस पहुंच जाती है। इससे पुलिस व परिवहन निगम के अफसरों को परेशानी हो रही है।
यूं तो बेवजह पैनिक बटन दबाने पर 200 रुपये जुर्माने का प्रावधान पहले से है, लेकिन इसे वसूला नहीं जा रहा है। अब परिवहन निगम इस नियम को सख्ती से लागू करने जा रही है। परिवहन निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक प्राविधिक जयदीप वर्मा ने बताया कि बस रवाना होने से पहले यात्रियों को पैनिक बटन के बारे में बताया जाता है। इसके बावजूद इसका दुरुपयोग हो रहा है। इसे रोकने के लिए बसों में स्टिकर चस्पा किए जा रहे हैं। इन बसों में महिला यात्रियों के साथ बच्चों को भी जागरूक किया जाएगा ताकि इस बटन का दुरुपयोग रोका जा सके। जुर्माने की धनराशि सख्ती से वसूली जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप