लखनऊ: प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग, लपटों में सब कुछ खाक
सरोजनीनगर क्षेत्र के नादरगंज स्थित औद्योगिक क्षेत्र की घटना। चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू।
लखनऊ, जेएनएन। नादरगंज औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक नामचीन कंपनी के प्लास्टिक गोदाम में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में भारी मात्रा में रखा माल जल गया। दमकल कर्मियों ने आधा दर्जन गाडिय़ों की मदद से चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आलमबाग निवासी अजय अरोड़ा का नादरगंज औद्योगिक क्षेत्र में प्लास्टिक का गोदाम है। गोदाम में प्लास्टिक के बर्तन, खिलौने व अन्य सामान रखा था। बुधवार शाम करीब चार बजे कर्मचारी काम कर रहे थे। इस बीच एकाएक गोदाम में आग लग गई। कर्मचारियों ने पानी से आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन काम नहीं बना। आग बेकाबू होते देख उन्होंने दमकल को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल कर्मी और सीएफओ विजय कुमार सिंह पहुंचे। दमकल कर्मियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। सीएफओ ने बताया कि आग संभवत: शार्ट सर्किट होने से लगी हो, जांच की जा रही है।
बिना अग्नि सुरक्षा उपकरण के चल रहा गोदाम
स्थानीय लोगों का कहना है कि फायर विभाग और पुलिस की सरपरस्ती से सालों से बिना अग्नि सुरक्षा उपकरण के गोदाम चल रहा है। बावजूद इसके पुलिस और अग्निशमन विभाग ने गोदाम मालिक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
दम घोंटू धुंए से हलकान रहे लोग
आग के कारण पूरे क्षेत्र में काला दम घोंटू धुंआ फैल गया। इस कारण दमकल कर्मियों समेत स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। गोदाम परिसर धुंएं सेभरा था, जिसके कारण दमकलकर्मी अंदर नहीं जा पा रहे थे। आग जब कुछ हुई तब दमकलकर्मी अंदर पहुंचे सके।