अमर सिंह की एफआइआर पर आजम खां के VIDEO की होगी फोरेंसिक जांच
अमर सिंह ने पुलिस को एक सीडी उपलब्ध कराई है। इसमें आजम की ओर से दिए गए बयान रिकॉर्ड हैं, जो उन्होंने नोएडा में एक टीवी चैनल को दी थी।
लखनऊ(जेएनएन)। सपा नेता आजम खां के खिलाफ एफआइआर के मामले में गोमतीनगर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। मामले की विवेचना खुद इंस्पेक्टर त्रिलोकी सिंह कर रहे हैं। इंस्पेक्टर के मुताबिक, आजम के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने वाले राज्यसभा सदस्य अमर सिंह का बयान दर्ज किया जाएगा। अमर सिंह ने पुलिस को एक सीडी उपलब्ध कराई है। इसमें आजम की ओर से दिए गए बयान रिकॉर्ड हैं, जो उन्होंने नोएडा में एक टीवी चैनल को दी थी। अमर सिंह ने साक्ष्य के तौर पर वीडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को दी है।
निर्देश मिलने का इंतजार
सूत्रों का कहना है कि पुलिस वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराएगी। विवेचक यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि आजम ने यह बयान कब और कहां दिया था। एफआइआर दर्ज करने के 24 घंटे बाद भी पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर सकी है। गुरुवार को इंस्पेक्टर गोमतीनगर अधिकारियों के निर्देश का इंतजार करते दिखे। उन्होंने बताया कि बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
मामले पर उच्चाधिकारियों की नजर
अमर सिंह और आजम की जुबानी जंग थाने में पहुंचने के बाद उच्चाधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस कुछ बिंदुओं पर विधिक राय लेने की बात भी कह रही है। हालांकि मामला राजनीतिक होने के कारण अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस के मुखिया ओपी सिंह की कार्यशैली पर नाराजगी जता चुके अमर सिंह कार्रवाई को लेकर कौन सा रास्ता अपनाते हैं।