Move to Jagran APP

गुजरात में उत्तर भारतीयों के प्रति हिंसा कांग्रेस की साजिश : विजय रूपाणी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुजरात की समृद्धि है तो देश की समृद्धि बनी है। कुछ लोग बेवजह ही वहां का माहौल खराब करने के प्रयास में लगे हैं।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Mon, 15 Oct 2018 01:21 PM (IST)Updated: Tue, 16 Oct 2018 08:08 AM (IST)
गुजरात में उत्तर भारतीयों के प्रति हिंसा कांग्रेस की साजिश : विजय रूपाणी
गुजरात में उत्तर भारतीयों के प्रति हिंसा कांग्रेस की साजिश : विजय रूपाणी

लखनऊ (जेएनएन)। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने सोमवार को गांधी परिवार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हाल में हुई हिंसा को कांग्रेस की साजिश बताया। यह भी कहा कि कुछ लोगों ने अपने कुटुंब को श्रेष्ठतम साबित करने के लिए इतिहास से छेड़छाड़ का अपराध किया है।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 'एकता संवाद में रूपाणी ने कहा कि वर्षों से गुजरात में रहने वाले गुजरातियों और गैर गुजरातियों के रिश्ते 'शक्कर और दूध जैसा है। वहां रह रहे हर गैर गुजराती की सुरक्षा और सम्मान सरकार का फर्ज है। हाल में गुजरात में उत्तर भारतीयों के खिलाफ हुई हिंसा के पीछे कांग्रेस है। चार राज्यों के उपचुनाव और 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी कार्यक्रम के मद्देनजर यह उसकी सुनियोजित साजिश थी।

loksabha election banner

हिंसा और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के आरोप में गिरफ्तार लोगों में से अधिकांश कांग्रेसी हैं। कांग्रेस के जिस विधायक का नाम हिंसा को उकसाने में आया है उसके भी भाषणों की जांच जारी है। आरोप साबित हुआ तो कार्रवाई भी होगी। राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर ट्वीट की बजाय कार्रवाई करनी चाहिए थी।


रूपाणी ने कहा कि कुछ लोगों ने अपने कुटुंब को श्रेष्ठतम साबित करने के लिए इतिहास से छेड़छाड़ किया है। इस क्रम में महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, सावरकर और डॉ. अंबेडकर को इतिहास में जो स्थान मिलना चाहिए, नहीं मिला। उन्होंने कहा कि पटेल की फोटो तक वर्षों संसद में नहीं थी।

हमने उस विशाल व्यक्तित्व के सम्मान में उनकी विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बनवायी। गांधी की 150वीं जयंती पर पूरे देश में आयोजन कर रहे हैं। सावरकर की यादों को संजोने के लिए अंडमान के जिस सेल्यूलर जेल में वह बंद थे, उसका जीर्णोद्वार कराया। डॉ.अंबेडकर से जुड़े सभी प्रमुख स्थानों पर उनका स्मारक बनवा रहे हैं।

पटेल ने दिया था अंग्रेजों को मुंहतोड़ जवाब : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अंग्रेज चाहते थे कि वे भारत को ऐसे हालात में छोड़ जाएं कि यहां लोग आपस में ही लड़ते रहें। उस समय देश की 562 रियासतों का भारत में विलय सरदार पटेल जैसा साहसी और दूरदर्शी नेता ही कर सकता था। यह अंग्रेजों की 'बांटो और राज करो नीति का मुंहतोड़ जवाब था। प्रदेश अध्यक्ष डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि कुछ लोगों के लिए गांधी उपनाम सिर्फ सत्ता हासिल करने का जरिया है।

गांधी के सरोकारों से उनका कोई संबंध नहीं लेकिन भाजपा का है। 'स्वच्छ भारत मिशन इसका सबसे बड़ा सुबूत है। कार्यक्रम को सरकार के मंत्री सत्यदेव पचौरी और डॉ.महेंद्र नाथ सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर सोलर चरखे का अनावरण हुआ। कुछ महिला स्वयंसेवी संगठनों को मुद्रा योजना के तहत ऋण भी उपलब्ध कराये गए।
 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उसके लिए आप सभी को निमंत्रण देने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी आएं हैं। मैं इस अवसर पर उनका हृदय से स्वागत करता हूं अभिनंदन करता हूं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधुनिक भारत के शिल्पी सरदार वल्लभभाई पटेल की दुनिया की अब तक की सबसे विशालतम प्रतिमा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से गुजरात के सरदार सरोवर तट पर बनकर तैयार है। 31 अक्टूबर को उनकी जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों द्वारा लोकार्पण होगा। सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने देश के उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री के रूप में देश के 562 रियासतों को एकजुट करके भारत के गणराज्य का निर्माण किया।

उन्होंने कहा कि वास्तव में कहा जा सकता है कि वे आधुनिक भारत के शिल्पी हैं। उस समय इस देश के राजे-रजवाड़ों को भड़काकर भारत को खंडित करने की साजिश रची जा रही थी। उस समय भारत माता के महान सपूत सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म गुजरात की धरती पर हुआ।

कांग्रेस का विरोध 'चोरी और सीनाजोरी जैसा : रूपाणी
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि यहां आने पर कुछ कांग्रसियों द्वारा उनका विरोध करना 'चोरी और सीनाजोरी जैसा है। गुजरात की हिंसा कांग्रेस की सोची-समझी साजिश थी। हमारी सख्ती के कारण न सिर्फ उनकी चाल विफल रही, बल्कि वह बेनकाब भी हो गए। अब हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।


सोमवार को यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पत्रकारवार्ता में रूपाणी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और गुजरात का रिश्ता राम और कृष्ण जितना ही पुराना है। राम अगर अयोध्या के राजा थे तो कृष्ण यहां से जाकर द्वारिकाधीश बने। मैं उसी रिश्ते को निभाने यहां आया हूं। गुजरात में सरदार सरोवर बांध के पास नर्मदा नदी के बीच साधु बेट नामक जगह पर हमने सरदार पटेल के सम्मान में विश्व की सबसे ऊंची मूर्ति (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) का निर्माण करवाया है।

31 अक्टूबर को पटेल जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसका अनावरण करेंगे। इसके बाद नवंबर भर अलग-अलग राज्यों के प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया गया है। आप भी आएं और उस प्रतिमा को नमन करें। देश के एकीकरण के लिए पटेल ने जो किया है उससे प्रेरणा लें।


योगी ने कहा कि गुजरात ने देश को बहुत कुछ दिया है। वहां के महात्मा गांधी अगर आजादी के आंदोलन के अगुआ थे तो रजवाड़ों के विलय और सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कर पटेल अखंड भारत के शिल्पी और सांस्कृतिक आजादी के प्रतीक बने। गुजरात देश के विकास और सामाजिक समरसता का मॉडल है। वहां हर किसी का हित और सम्मान सुरक्षित है। नवंबर के पहले हफ्ते में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ सरदार पटेल को नमन करने मैं गुजरात जाऊंगा।
 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.