शिवाजी के पदचिह्नों पर चले सरदार पटेल और पटेल की परंपरा निभा रहे मोदी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिवाजी की परंपरा को सरदार पटेल ने निभाया। एक भारत का सपना साकार करने को वही परंपरा नरेंद्र मोदी निभा रहे हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा के पिछड़ा वर्ग प्रतिनिधि सम्मेलन में गुरुवार को बारी कुर्मी/पटेल समाज की थी। वक्ताओं ने शिवाजी और सरदार पटेल के राष्ट्रवाद के जरिये कुर्मी समाज से भाजपा का नाता जोड़ा। कहा कि जब-जब देश और समाज पर संकट आया है, कुर्मी समाज इसके हल के लिए आगे आया है। आज भी स्थिति वही है। लिहाजा 2019 के आम चुनाव में समाज से वही भूमिका अपेक्षित है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि शिवाजी की परंपरा को सरदार पटेल ने निभाया। 665 से अधिक रियासतों का एकीकरण करने वाले सरदार पटेल आधुनिक भारत के शिल्पी थे। कांग्रेस ने उनकी हरदम उपेक्षा की। अगर वह प्रधानमंत्री होते या उनकी असमय मौत नहीं हुई होती तो कश्मीर की समस्या तभी हल हो गई होती। एक भारत, श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार करने के लिए उसी परंपरा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निभा रहे हैं।
भाजपा के लिए गरीबी हटाओ सिर्फ नारा नहीं
योगी ने कहा कि 2014 तक गरीबी हटाओ सत्ता पाने के लिए सिर्फ नारा था। गरीबी कैसे हटती है विपक्ष इसे केंद्र और भाजपा शासित राज्यों से सीखे। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राष्ट्रवाद का सबक लेना चाहिए। कहा कि देश हित में शिवाजी और मोदी की रणनीति समान है। पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक और डोकलाम से चीन को लौटने को मजबूर करना इसका प्रमाण है।
सपा, बसपा और कांग्रेस को जनता दे सकती है तीन तलाक
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा और बसपा तो विकास के बैरियर हैं। कांग्रेस तो आलोचना लायक भी नहीं रही। राहुल गांधी के अध्यक्ष का पद पुश्तैनी है। अमेठी का सफल सांसद नहीं बनने वाले से और क्या उम्मीद कर सकते हैं। विपक्ष के पास एक ही एजेंडा है, मोदी रोको। इसकी वजहें भी हैं। इनकी लूट, भ्रष्टाचार और अराजकता की दुकानें बंद हो गई हैं। कुछ का साथ, कुछ का विकास की जगह सबका साथ, सबका विकास इनको पसंद नहीं, पर जनता को मोदी का साथ पसंद है। मुझे तो डर है कि जनता कही सपा, बसपा और कांग्रेस को तीन तलाक न बोल दे। सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, सरकार के मंत्री दारा सिंह चौहान, स्वतंत्रदेव सिंह के अलावा बड़ी संख्या में कुर्मी समाज के प्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद थे।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास बनेगा उप्र का पर्यटक आवास
मुख्यमंत्री के कहा कि गुजरात में सरदार सरोवर बांध के पास स्थापित होने वाली सरदार पटेल की मूर्ति (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) का अनावरण 31 अक्टूबर (सरदार पटेल की जयंती) को प्रधानमंत्री करेंगे। विश्व की सबसे बड़ी मूर्ति होने के नाते यह जगह पर्यटन स्थल हो जाएगा। बड़ी संख्या में उप्र के लोग भी वहां जाएंगे। उनकी सुविधा के लिए प्रदेश सरकार वहां पर्यटक आवास गृह बनवाएगी। इसके लिए गुजरात सरकार को पत्र भेजा जा चुका है। पटेल जयंती पर हर जिले में एकता दौड़ भी होगी।