विपक्षी दलों में सभी नेता प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदार : केशव
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्ष में सभी नेता प्रधानमंत्री पद के दावेदार हैं। उनके निशाने पर सपा, बसपा और कांग्रेस थी।
लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा 2019 में फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए लगातार पिछड़ों का सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन कर रही है। रविवार को प्रदेश भर से जायसवाल समाज के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था।
इस समाज से रिश्तों की मजबूती के लिए सरकार और संगठन दोनों तरफ से खूब नारे दिए गए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जायसवाल समाज से अटूट रिश्ते का दावा किया तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने इस समाज को हर संघर्ष का साथी बताया।
हमारी ताकत पिछड़ा वर्ग
लखनऊ में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी ताकत पिछड़ा वर्ग का सबसे बड़ा गुलदस्ता है जो आपने मोदी के रूप में दिया है।
उन्होंने कहा कि आपने जिन पार्टियों को साफ कर दिया वो हमारी पार्टी को साफ करने की बात करते हैं। विपक्ष में सभी नेता प्रधानमंत्री पद के दावेदार हैं। उनके निशाने पर सपा, बसपा और कांग्रेस थी। उन्होंने मायावती और अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए कहा कि उनके काले कारनामें और काला धन को भाजपा सरकार उजागर करेगी।
पिछड़ों की गोलबंदी में पूरी ताकत
2014 के लोकसभा और 2017 के विधानसभा चुनाव में पिछड़ा कार्ड खेल चुकी भाजपा ने इस बार भी पिछड़ों की गोलबंदी के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 2017 में केशव मौर्य पिछड़ों के चेहरा बने। अब मौर्य की अगुवाई में चल रहे सम्मेलन में रविवार को जायसवाल समाज को एकजुट करने की खास पहल की गई।
मंच पर प्रदेश डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और केशव मौर्य के अलावा भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दारा सिंह चौहान, बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, मंत्री धर्मपाल सिंह राजेश अग्रवाल, विधायक संजय जायसवाल, रविन्द्र जायसवाल, गोरखपुर के महापौर सीताराम जायसवाल, रश्मि जायसवाल, अनीता जायसवाल, अजय जायसवाल, सुरेंद्र जायसवाल, संतोष जायसवाल समेत समाज के कई प्रमुख नेता थे। केशव ने जायसवाल समाज से फरवरी-मार्च तक चुनाव होने की बात करते हुए उन्हें पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
भाजपा को जायसवाल समाज ने गांव-गली तक पहुंचाया : डॉ. महेंद्र
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि जायसवाल समाज भाजपा की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि आपके पूर्वजों ने इस देश, समाज और भाजपा के लिए बहुत योगदान दिया है। तीन बार सांसद रहे आपके समाज के शंकर प्रसाद जायसवाल ने भाजपा को पूरी मजबूती दी है। वह बड़े नेता थे। किसी जमाने में एक-दो जायसवाल विधायक होते थे लेकिन, आज हर तरफ इनकी संख्या नजर आती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में जब इमरजेंसी लगी तो जायसवाल समाज संघर्ष में सबसे आगे था। सर्वाधिक गिरफ्तारी इस समाज के लोगों की हुई। डॉ. महेंद्र पांडेय ने जायसवाल समाज की मंत्री अनुपमा जायसवाल और महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी समेत पार्टी विधायकों का उल्लेख कर यह बताने की पहल की कि पार्टी ने उन्हें कितना महत्व दिया है।