UP Coronavirus Update: यूपी में कोरोना वायरस के 1,573 नए रोगी मिले, अब तक 5.12 लाख संक्रमित
UP Coronavirus Update उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में जितने लोगों की कोरोना जांच हुई उनमें से 2.1 प्रतिशत लोग संक्रमित पाए गए। फिलहाल नवंबर में औसतन पॉजिटिविटी रेट 1.4 प्रतिशत के आसपास रहा है। सोमवार को पॉजिटिविटी रेट ज्यादा पाया गया।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित 1,573 नए रोगी मिले हैं। रोजाना होने वाले करीब डेढ़ लाख कोरोना टेस्ट के मुकाबले सोमवार को सिर्फ 73,207 लोगों की ही जांच की गई। त्योहार के कारण बीते दिनों के मुकाबले करीब 50 फीसद लोगों की ही जांच हो सकी। वहीं बीते 24 घंटे में जितने लोगों की जांच हुई उनमें से 2.1 प्रतिशत लोग संक्रमित पाए गए। फिलहाल नवंबर में औसतन पॉजिटिविटी रेट 1.4 प्रतिशत के आसपास रहा है। सोमवार को पॉजिटिविटी रेट ज्यादा पाया गया।
उत्तर प्रदेश में अब तक 5.12 लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 1,889 और रोगी स्वस्थ होने के साथ अब तक कुल 4.82 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। 21 और रोगियों की मौत के साथ अब तक प्रदेश में कुल 7,393 लोगों की जान यह खतरनाक वायरस ले चुका है। अब एक्टिव केस 22,603 हैं। सूबे में अब तक कुल 1.71 करोड़ लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट किया जा चुका है।
महीने भर में चार प्रतिशत बढ़ा रिकवरी रेट : यूपी में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की रफ्तार तेज है। अब तक कुल 5.12 लाख मरीजों में से 4.82 लाख रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। यानी 94.15 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं एक महीने पहले कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 4.49 लाख थी और इसमें से 4.08 लाख स्वस्थ हुए थे। उस समय रिकवरी रेट 90 प्रतिशत से अधिक था। ऐसे में बीते एक महीने में रिकवरी रेट में करीब चार प्रतिशत का सुधार हुआ है।