Coronavirus: लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में भर्ती 12 लोग भी जांच में कोरोना पॉजिटिव
CoronaVirus लखनऊ में भर्ती अब तक कोरोना पॉजिटिव की संख्या 22 तक पहुंच गई है।
लखनऊ, जेएनएन। Coronavirus: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस पॉजिटिव के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। राजधानी लखनऊ स्थित बलरामपुर अस्पताल में भर्ती 12 लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने का खुलासा शुक्रवार को हुआ है। बताया जा रहा है कि बुधवार को इन सभी 12 लोगों को सदर मस्जिद कैंट से पकड़ा गया था। वहां से इन्हें बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। बता दें, इससे पहले लखनऊ में कोरोना पॉजिटिव के 10 और मामले आ चुके हैं।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि 20 लोगों की जांच में 12 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह सभी बलरामपुर अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस के मुताबिक, यह सभी चार मार्च को अमीनाबाद स्थित एक मरकज वाली मस्जिद में आए थे। वहां से ये लोग 22 मार्च को सदर मस्जिद पहुंचे। सभी सहारनपुर के रहने वाले हैं। एक अप्रैल को इनकी जांच की गई थी। जिसकी आज रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मामले की पड़ताल की जा रही है।
इन बिंदुओं पर जांच जारी
पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय के मुताबिक, तकरीबन 100 से अधिक लोगों के बारे में जानकारी मिली है। 12 की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कैंट इलाके को पूरे तरीके से लॉक डाउन कराने की तैयारी की जा रही है। ये लोग कहां-कहां गए, किन लोगों से मुलाकात की। इसके बारे में पता लगाने के लिए पुलिस टीमें लगाई जा रही हैं। संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए राजधानी में सड़क पर निकलने वालों पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं।