लखनऊ के फैजुल्लागंज के घरों में सांपों का बसेरा, कोबरा समेत पकड़े गए 110 सांप
लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ के बाद घरों में जहरीले सांपों का खतरा बढ़ गया है, जहां वन विभाग ने ...और पढ़ें
-1793116424203_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
फैजुल्लागंज में बाढ़ के बाद घरों में सांपों का खतरा।
वन विभाग ने कोबरा सहित 110 सांपों को पकड़ा।
सेप्टिक टैंकों की मुफ्त सफाई कराएगा नगर निगम।
अजय श्रीवास्तव, जागरण लखनऊ। चौड़ा फन और लंबाई एक मीटर से अधिक, किसी पर हमला कर दे तो क्या होगा? सोचकर ही डर लगता है लेकिन फैजुल्लागंज में बाढ़ से राहत पाए लोगों के सामने जहरीले सांप खतरा बन गए हैं। बाढ़ के समय घरों में बसेरा बना चुके इन सांपों को वन विभाग लगातार पकड़ रहा है। अभी तक 110 सांपों को पकड़ा गया है, जिनमें कोबरा, कामन करैत, रसल वाइपर, अजगर जैसे सांप थे। इन सांपों को पकड़ना इसलिए
मुश्किल था, क्योंकि बाढ़ के बाद अधिकांश घरों में दलदल हो गया है। पानी से घरों में गड्ढे भी हो गए हैं, जिनमें इन सांपों ने जगह बना ली थी। अब पानी निकला है तो वह भी मौका पाकर बाहर आ रहे हैं। वन विभाग ने इतनी अधिक संख्या में सांपों को देखे जाने के बाद बीस टीमें बनाईं। लखनऊ के सभी रेंज के अफसरों को तैनात किया और सांप पकड़ने में माहिर कर्मचारियों को ही लगाया गया, जिससे कोई चूक न हो सके।
फैजुल्लागंज में एक घर में मौजूद कोबरा को जब पकड़ने की कोशिश की गई तो उसके चेहरे के भाव ही बता रहे थे कि हमला कर देगा। कई तो पेड़ पर लटके थे तो सहारा पाकर छतों से नीचे उतर आए थे। घर में बिजली न होने के कारण लोगों ने टार्च खरीदी और दलदल से पता चल रहा था कि सांप गुजरा है। या फिर उनकी आवाज सांप होने का अहसास करा रही थी।
यहां के कई निवासियों ने बताया कि बाढ़ की चपेट में आई गृहस्थी को ठीक करने में ही लग जाता तो रात के समय सोने में डर लगता है कि कहीं सांप न जाए। कमरे को खंगालने के बाद दरवाजे और खिड़की को इतरा कवर कर दिया जा रहा है, जिससे सांप प्रवेश न कर सके।
सेप्टिक टैंक से भी निकल रहे, नगर निगम मुफ्त में साफ कराएगा
सांप सेप्टिक टैंक तक पहुंच गए थे और अब वहां से निकलकर घरों में पहुंच रहे हैं। वैसे तो टैंक की सफाई का शुल्क नौ रुपये है लेकिन नगर निगम अब मुफ्त में उसकी सफाई कराएगा। महापौर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि नगर निगम ने निर्णय लिया है कि सभी सेप्टिक टैंकों की मुफ्त में सफाई कराई जाएगी।
बाढ़ के बाद सांप तो निकलते हैं लेकिन फैजुल्लागंज में इनकी संख्या अधिक पाई गई। कोबरा, कामन करैत, रसल वाइपर, अजगर जैसे सांप यहां मौजूद थे। 110 को पकड़ा भी गया। वन दारोगा समेत बीस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। जो सुबह छह से दूसरे दिन सुबह छह बजे तक अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी करते थे। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और सांप होने की सूचना मिलने पर तत्काल पहुंच रही है। - सितांशु पांडेय, डीएफओ अवध
