1090 में महिला दारोगा ने जमकर किया हंगामा, अनुशासनहीनता पर निलंबित
लखनऊ बयान दर्ज कराने आई थी अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाया। लंबे समय से गैरहाजिर थी दारोगा अनुशासनहीनता पर निलंबित।
लखनऊ, जेएनएन। वूमेन पॉवर लाइन में बुधवार को महिला दारोगा शोभा तिवारी ने जमकर हंगामा किया। 1090 सेवा में तैनात शोभा ने उच्च अधिकारियों पर अभद्रता के भी आरोप लगाए। वहीं एडीजी वूमेन पॉवर लाइन का कहना है कि दारोगा ने महिला सीओ के साथ अनुशासनहीनता की। सीओ की रिपोर्ट के आधार पर दारोगा को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद उसने मनगढ़ंत आरोप लगाने शुरू कर दिए।
एडीजी ने बताया कि अक्टूबर 2019 में महिला दारोगा ने दो सिपाहियों पर 1090 परिसर में दुष्कर्म का आरोप लगाया था। जांच में महज कहासुनी की बात सामने आई थी। इसके बाद दारोगा व दो सिपाहियों का स्थानांतरण कर दिया गया था। सिपाही नई तैनाती पर चले गए, जबकि दारोगा ने कोर्ट से स्टे ले लिया था। शोभा के खिलाफ जांच चल रही थी। आरोप है कि स्टे के बावजूद दारोगा चार-पांच माह ड्यूटी से गैरहाजिर थी। बुधवार को वह सीओ मोनिका यादव के पास बयान दर्ज कराने आई थी। सीओ के किसी काम से कमरे से बाहर जाने पर शोभा सरकारी अभिलेखों की फोटो खिंचने लगी, जिसे सीओ ने देख लिया। अधिकारियों के कहने के बावजूद फोटो डिलीट करने से मना कर दिया और सीओ से अभद्रता की। इसके बाद शोभा के खिलाफ कार्रवाई की गई।
उधर, महिला दारोगा ने उच्च अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। वह अस्पताल में भर्ती हो गई। इस मामले में शोभा की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।