Defence Expo 2020 : डिफेंस एक्सपो तक पहुंचाएंगी 105 नगर बसें, 11 जगहों से चलेंगी बस
डिफेंस एक्सपो में 11 जगहों से 8 और 9 फरवरी को चलाई जाएंगी बसें। अगले साल फरवरी में शुरू होने वाला है डिफेंस एक्सपो।
लखनऊ, जेएनएन। अगले साल फरवरी में होने वाले डिफेंस एक्सपो में लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड भी अहम भूमिका में होगी। यात्रियों को एक्सपो स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी नगर बसों की होगी। आने वाले लोगों को दिक्कत न होने पाए, इसके लिए नगर बस प्रबंधन शहर के 11 स्थानों से 105 बसों का संचालन करेगा।
चलाई जाने वाली 105 बसों में 35 इलेक्ट्रिक और 70 सीएनजी बसें होंगी। आठ और नौ फरवरी के लिए यह व्यवस्था की गई है। शहर के 11 बिंदु तय किए गए हैं। इनमें से चारबाग, आलमबाग, कैंट के दो क्षेत्र, हजरतगंज, अलीगंज, पॉलीटेक्निक एवं पीजीआइ शामिल हैं। नगर बसों के संचालन से यात्रियों को डिफेंस एक्सपो स्थल तक पहुंचने में दिक्कत नहीं आएगी।
एलसीटीएसएल प्रबंध निदेशक आरके मंडल ने बताया कि डिफेंस एक्सपो के लिए नगर बस प्रबंधन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दो दिन आठ और नौ फरवरी को सिटी बसों का संचालन करना है, जिससे यात्रियों को डिफेंस एक्सपो स्थल तक जाने के लिए आवागमन की दिक्कत न हो। इस सिलसिले में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है।