विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम योगी ने कोटेदारों को दिया बड़ा तोहफा, अब 125 रुपये मिलेगा कमीशन

Published: Tue, 18 Aug 2026 04:44 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल करने की घोषणा की है।

ललितपुर: कलेक्टरेट सभागार में सीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखते जनप्रतिनिधि व अफसर।

ललितपुर: कलेक्टरेट सभागार में सीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखते जनप्रतिनिधि व अफसर।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने कोटेदारों का लाभांश 90 से 125 रुपये किया।

  2. ललितपुर व महरौनी में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।

  3. ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ हुआ।

जागरण संवाददाता, ललितपुर। उचित दर विक्रेताओं के लंबे समय से चली आ रही लाभांश वृद्धि की मांग को प्रदेश सरकार ने पूरा करते हुये बड़ा तोहफा दिया है। सोमवार को लखनऊ के लोकभवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किये जाने की घोषणा की।

साथ ही सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में विधानसभा स्तर पर किया गया।

विधानसभा महरौनी अन्तर्गत विकासखंड सभागार महरौनी में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्रम एवं सेवायोजन मनोहरलाल पंथ, ब्लॉक प्रमुख बिरधा मोहित निरंजन, ब्लॉक प्रमुख महरौनी के प्रतिनिधि रजउ राजा सहित अधिकारी, उचित दर विक्रेता एवं लाभार्थी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।

राज्य मंत्री मनोहरलाल पंथ ने लाभांश वृद्धि की घोषणा का स्वागत करते हुए उचित दर विक्रेताओं से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पूरा राशन पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि राशन वितरण से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उचित दर विक्रेता सम्पर्क करें। कार्यक्रम में एक अंत्योदय और चार पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को नवीन राशन कार्ड वितरित किये गये।

वहीं, विधानसभा ललितपुर के लिये कलेक्टरेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सोनाली जैन, राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना पटेल, मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कोटेदारों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।

इस दौरान सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने उचित दर विक्रेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लाभांश में लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा कर कोटेदारों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की गई है।

आठ लाभार्थियों को अंत्योदय राशन कार्ड वितरित किये गये। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, जिला पूर्ति अधिकारी उमेशचन्द्र मिश्र के अलावा अन्य मौजूद रहे।