ललितपुर, जेएनएन। शुक्रवार को हुई बारिश व ओलावृष्टि से जिले भर के कई गांवों की फसल खराब हो गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के दुर्जनपुरा में ओले गिरने से 5 किसान घायल हो गए। इन सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फसल खराब होने से नाराज किसान ओलों को बोरे में भरकर जिलाधिकारी कार्यालय लेकर पहुंचे। यहां अधिकारियों ने हर मदद का भरोसा दिलाया। मौके पर ही जिलाधिकारी आलोक सिंह ने अफसरों को जल्द सर्वे के निर्देश दिये हैं। ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम को हुई बारिश से किसानों की चिन्ता बढ़ रही।
देर रात तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। शुक्रवार की शाम अचानक ओलावृष्टि होने लगी। कोतवाली के दुर्जनपुरा गांव में खेत पर काम कर रहे 5 किसानों पर ओले गिर पड़े। इसके चलते दुर्जनपुरा गांव निवासी कल्यान सिंह पुत्र बारेलाल (65), दरयाव सिंह पुत्र हल्के (60), गुलाब सिंह पुत्र राजधर (60), निरपत पुत्र बारेलाल (47) और राजकुमार पुत्र अशोक कुमार (24) घायल हो गये।
एंबुलेंस से पांचों किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। इधर, नाराज किसान साथ ही बोरों में ओले भरकर साथ ले आये और किसानों को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद इसे लेकर जिलाधिकारी कार्यालय लेकर पहुंच गये। यहां अधिकारियों ने उनकी बात सुनकर सर्वें कराने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि वह कल शाम से ही गांवों का दौरा कर रहे हैं। अभी वह सुबह मड़ावरा क्षेत्र में निकले हैं। किसानों से लगातार वार्ता की जा रही है। अधिकारियों की टीम बनाकर सर्वे भी कराया जा रहा है।