सौंर नदी में गिरी बस, सुरक्षित निकले यात्री
बालाबेहट (ललितपुर): कस्बे के बाहर बालाबेहट-पाली मार्ग पर सौंर नदी पुल उफान पर रहा। यहाँ से निकली यात
बालाबेहट (ललितपुर): कस्बे के बाहर बालाबेहट-पाली मार्ग पर सौंर नदी पुल उफान पर रहा। यहाँ से निकली यात्री बस का संतुलन बिगड़ने से नदी में गिर गई। देवयोग से सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। सुबह करीब 11 बजे बालाबेहट से ललितपुर को जाने के लिए यात्री बस जैसे ही सौंर नदी पुल पर पहुँची, तो नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। पुल से करीब डेढ़ फीट ऊँचा पानी बह रहा था। बावजूद इसके बस संचालक ने बस को पुल से निकालने का प्रयास किया और बहाव के चलते बस पर से संतुलन खो बैठा और यात्रियों से भरी बस पुल से एक ओर लटक गई। जैसे ही बस पुल से लटकी, सवारियों में कोहराम मच गया। किसी तरह यात्रियों को बाहर निकाला जा सका। यात्रियों के बस से निकलने के साथ ही बस नदी में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल पर पानी अधिक था और पुल पर हो गए बड़े-बड़े गढ्डे से बस का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। इस पर थानाध्यक्ष वृषभान सिंह, एसआइ उजागर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए और ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया गया कि बस में करीब 35 यात्री सवार थे। बचाव कार्य में थाना पुलिस के अलावा प्रभान सिंह, कप्तान सिंह, दौलतराम साहू, दशरथ पटेल, राजू सेन, संजू सेन, मुक्कू माली, रूपसिंह, हरकिशन कुशवाहा, रामभरत कुशवाहा, कन्छेदी सहरिया, दौलत कुशवाहा, चतुर कुशवाहा का सहयोग रहा।