केबल बॉक्स बर्स्ट होने से घण्टों गुल रही आधे शहर की बिजली
ललितपुर ब्यूरो : बुधवार की सुबह आधे शहर के उपभोक्ताओं के लिए बड़ी ही दुखदायी रही। अल सुबह से गुल ह
ललितपुर ब्यूरो :
बुधवार की सुबह आधे शहर के उपभोक्ताओं के लिए बड़ी ही दुखदायी रही। अल सुबह से गुल हुयी बत्ती दोपहर करीब 12 बजे सुचारू हो सकी। इसका कारण नझाई बाजार पावर हाउस पर केबिल बक्सा बर्स्ट हो जाना बताया गया है। अवर अभियन्ता पंकज मौर्य ने पहल करते हुए इसके सुधार हेतु कार्य किये, तब जाकर सप्लाई दुरुस्त हो सकी। दोपहर में बिजली मिल पाने के बाद ही उपभोक्ताओं ने राहत की सास ली।
शहर में बिजली सप्लाई इन दिनों बेहतर है, लेकिन कभी-कभार लोकल फाल्ट के चलते यह उपभोक्ताओं को परेशान भी कर रही है। बुधवार सुबह नझाई बाजार पावर हाउस पर केबिल बक्सा बर्स्ट हो गया, जिसके चलते घण्टाघर फीडर व दो नम्बर की सप्लाई सुबह 4 बजे से गुल हो गयी। ऐसे में सुबह के समय आधे शहर के लोग उमस भरी गर्मी में बिलबिला उठे। बाद में सुबह के समय पहुँचे अवर अभियन्ता पंकज मौर्य ने यहाँ मोर्चा सम्हाला और अपनी टीम के साथ सुधार कार्य शुरू किए। करीब 12 बजे तक यहाँ सुधार कार्य चला। इसके बाद ही यहाँ की सप्लाई दुरुस्त हो सकी। वहीं बगैर बिजली के उपभोक्ताओं को बड़ी परेशानियाँ उठाना पड़ी। सुबह लाइट न होने के चलते पेयजल की समस्या भी यहाँ गहराई रही। लोगों को पानी के लिए भी काफी परेशान होना पड़ा।
::
बॉक्स में -
आजादपुरा का ट्रांस्फॉर्मर खराब, दिनभर गुल रही बिजली
आजादपुरा वर्णी कॉलिज के पीछे 400 केवीए का ट्रास्फॉर्मर बुधवार सुबह खराब हो गया। ऐसे में फीडर नम्बर पाँच की सप्लाई गुल हो गयी। बाद में उपभोक्ता परेशान हो गए। मौके पर पहुंँचे अवर अभियन्ता ने इसकी जाँच की और खराबी की मुहर लगायी। बाद में स्टोर में दूसरे ट्रास्फॉर्मर को बुक कराकर यहाँ भिजवाया गया। तब जाकर यहाँ खराब ट्रास्फॉर्मर को हटवाकर दूसरा रखवाया गया। ऐसे में सुबह से गुल हुई विद्युत सप्लाई शाम को ही दुरुस्त हो सकी। दिनभर बगैर बिजली के रहे उपभोक्ताओं को कई परेशानियाँ झेलना पड़ी। सप्लाई आने के बाद ही उन्होंने राहत की सास ली।