विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर की कुंडी खोलते ही महिला पर झपटा बाघ, चीख सुनकर जुटे ग्रामीण तो खेत की ओर भाग गया हैवान

Published: Tue, 15 Sep 2026 07:35 PM (IST)

बाघ ने लखीमपुर खीरी के पलिया वन रेंज के विशेनपुरी गांव में एक 70 वर्षीय महिला चंपावती पर उसके घर के भीतर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. लखीमपुर खीरी में घर के भीतर 70 वर्षीय महिला पर बाघ का हमला।

  2. पोती की चीख से ग्रामीण जुटे, बाघ खेतों की ओर भाग निकला।

  3. घायल महिला जिला अस्पताल में भर्ती, वन विभाग पिंजरा लगाएगा।

जागरण संवाददाता, लखीमपुर। खेत में बने घर के भीतर घुसा बाघ दरवाजे की कुंडी खोलते ही 70 वर्षीय महिला पर झपट पड़ा। बाघ ने महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पोती की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े तो बाघ महिला को छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। ग्रामीणों में इस बात को लेकर खौफ है कि जब घर के भीतर ही बाघ हमला कर रहा है तो खेतों में जाना कितना खतरनाक होगा?

यह है पूरा मामला

घटना पलिया वन रेंज की परसपुर चौकी क्षेत्र के विशेनपुरी गांव की है। यहां करीब 70 वर्षीय चंपावती अपनी पोती अंशिका के साथ घर पर थीं। परिवार के अनुसार, घर खेत में बना हुआ है और आसपास जंगल भी नजदीक है। रात में खाना खाने के बाद पोती घर के बाहर से अंदर आने लगी।

जैसे ही उसने घर का दरवाजा खोलने के लिए कुंडी हटाई, वहां छिपे बाघ ने अचानक हमला कर दिया। पीछे खड़ी चंपावती पर बाघ झपट पड़ा और उन्हें घायल कर दिया। अचानक बाघ के हमले से पोती घबरा गई और शोर मचाने लगी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े।

ग्रामीणों के पहुंचने पर बाघ महिला को छोड़कर खेतों की तरफ भाग गया। हमले में चंपावती गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीण और स्वजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। खबर लिखे जाने तक उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा था।

घर के पास बाघ की मौजूदगी से खौफ

बाघ के घर के भीतर तक पहुंचने की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में बने घरों में रहने वाले परिवार अब रात में बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बाघ की मौजूदगी बनी हुई है और हमले की घटनाओं से लोगों में भय है।

पलिया वन क्षेत्राधिकारी विनय कुमार ने बताया कि महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मौके पर वन विभाग की टीम भेजी गई है। स्थान का निरीक्षण करने के बाद शाम तक बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जाएगी।