लखीमपुर खीरी के दानवीर राजा रघुबर सिंह की विरासत को लखनऊ में मिला नया सम्मान
लखनऊ के झंडी राज पार्क में दानवीर राजा रघुबर सिंह की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर नवनिर्मित छतरी का लोकार्पण किया गया।
-1793009232958_m.webp)
HighLights
राजा रघुबर सिंह की प्रतिमा पर छतरी का लोकार्पण।
लखनऊ महापौर ने हर वर्ष श्रद्धांजलि कार्यक्रम की घोषणा की।
राजा ने 1916 में पार्क के लिए भूमि दान की थी।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। खीरी की झंडी स्टेट के दानवीर राजा रघुबर सिंह की लोकसेवा की विरासत आज भी लखनऊ में जीवंत है। वर्ष 1916 में उन्होंने लालबाग स्थित अपनी संपत्ति जनहित में पार्क बनाने के लिए तत्कालीन नगरपालिका को समर्पित कर दी थी।
इसी योगदान की स्मृति में झंडी राज पार्क और समीपस्थ मार्ग का नाम राजा रघुबर सिंह के नाम पर रखा गया। रविवार को उनकी पुण्यतिथि पर नगर निगम की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उनकी प्रतिमा पर नवनिर्मित छतरी का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने छतरी का लोकार्पण किया। उन्होंने घोषणा की कि राजा साहब की पुण्यतिथि पर प्रत्येक वर्ष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्क में उनकी प्रतिमा वर्ष 2000 में स्थापित की गई थी, जिसका 2011 में पुनः अनावरण हुआ था।
राजा रघुबर सिंह ने खीरी और अवध क्षेत्र में मंदिरों, आश्रमों तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यों के जरिए भी योगदान दिया।
कार्यक्रम में झंडी राज परिवार के वर्तमान राजा राज राजेश्वर सिंह, राजमाता भक्ति देवी, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी, वरिष्ठ प्रचारक वीरेंद्र जी, पार्षद प्रमोद सिंह राजन, कुंवर राज विजय राज सिंह सहित अवध के विभिन्न राजपरिवारों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने उनके दान, लोकसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
