पलिया-दुधवा मार्ग पर यातायात बहाल, रपटा पुल से बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू
सुहेली नदी में आई बाढ़ के कारण तीन दिनों से बंद पलिया-दुधवा मार्ग शनिवार को यातायात के लिए पूरी तरह सुचारू हो गया।

जागरण संवाददाता, लखीमपुर। सुहेली नदी में आई बाढ़ के चलते तीन दिनों से बंद पलिया-दुधवा मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 11 बजे से यातायात पूरी तरह सुचारू हो गया। बंसीनगर स्थित रपटा पुल पर बाढ़ का पानी चलने के कारण छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन रोक दिया गया था। पानी कम होने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग और पुलिस प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेकर आवागमन शुरू कराया।
शनिवार सुबह से ही बाइक और अन्य छोटे वाहनों का आवागमन शुरू हो गया था। इसके बाद करीब 11 बजे रोडवेज बस, निजी बस, मालवाहक ट्रक और लोडेड वाहनों को भी रपटा पुल से गुजरने की अनुमति दे दी गई। मार्ग पर तीन दिनों से खड़े वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर निकाला गया।
नेपाल की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को भी सुरक्षा के साथ रपटा पुल पार कराया गया। रपटा पुल पर आवागमन शुरू होने के बावजूद सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पीडब्ल्यूडी विभाग के कर्मचारियों के साथ बंसीनगर चौकी पुलिस बल मौके पर मुस्तैद रहा और पुल की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।
अधिकारियों ने वाहन चालकों से भी सावधानीपूर्वक आवागमन करने की अपील की। इधर, बाढ़ के पानी में कमी आने से पट्टीहन रोड, हवाई पट्टी रोड, पलिया-निघासन मार्ग समेत अन्य ग्रामीण संपर्क मार्गों पर भी पानी कम हुआ है। इससे इन मार्गों पर आवागमन में राहत मिली है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एसडीएम पुष्पक तोमर, सीओ जितेंद्र सिंह परिहार सहित पुलिस और तहसील प्रशासन के अधिकारी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा ले रहे हैं।
एसडीएम पुष्पक तोमर ने बताया कि जलस्तर और मार्गों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थिति बिगड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
