लखीमपुर खीरी में तीन दिन से मीटर गेज की ट्रेनों का संचालन बंद, रेल लाइन के नीचे से हो रहे जल रिसाव से खतरा
Lakhimpur News: रेल लाइन बंद होने से यात्रियों के साथ आम जनता को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

पलिया में अतरिया क्रासिंग के पास रिसाव रोकने का काम शुरू न करने पर विरोध जताते स्थानीय ग्रामीण -जागरण
HighLights
किसानों की रिसाव की निष्पक्ष जांच कराकर तत्काल रेल लाइन चालू कराने की मांग
रेल लाइन पर स्लीपर बदलने के कार्य के दौरान लापरवाही
संवाद सूत्र, लखीमपुर। पलियाकलां क्षेत्र के अतरिया रेलवे क्रासिंग के पास रेल लाइन के नीचे से रिसाव को लेकर रेल प्रशासन ने मैलानी-नानपारा के बीच तीन दिन से ट्रेनों का संचालन बंद कर रखा है। ट्रेनों का संचालन बंद होने से किसानों व आम लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी है।
इस संबंध में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन (रजि.) के जिला उपाध्यक्ष तेजिंदर सिंह ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और रेल संचालन तत्काल शुरू कराने की मांग की है। किसानों का कहना था कि रेल लाइन बंद करने के वास्तविक कारण की जांच हो। मौके पर रिसाव की स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही है। उनका कहना था कि रेल लाइन पर स्लीपर बदलने का कार्य किस ठेकेदार को दिया गया है इसकी जानकारी सार्वजनिक हो।
उनका यह मानना है कि कार्य में देरी के कारण ठेकेदार को लाभ पहुंचाने या टेंडर का काम जल्द पूरा कराने के लिए रेल संचालन बंद किया गया है। इसके साथ ही किसानों ने रिसाव की रिपोर्ट देने वाले अदिकारी के नाम का खुलासा करने पर जोर दिया है। किसानों का कहना है कि उच्चाधिकारियों को भ्रामक जानकारी देकर रेल लाइन बंद कराई गई है।
मामले की जांच कराकर उसकी जिम्मेदारी तय की जाए। साथ ही यदि वास्तव में रिसाव नहीं है तो रेल संचालन तत्काल बहाल किया जाए। एसडीएम पुष्पक तोमर को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि रेल लाइन बंद होने से यात्रियों के साथ आम जनता को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। संगठन ने आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, रेल मंत्री, महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर तथा डीआरएम लखनऊ को भी भेजी गई है।
गड्ढों और पानी के रिसाव की जांच
एक सितंबर 2026 से अतरिया क्रॉसिंग के पास रेलवे लाइन के नीचे पानी के रिसाव की सूचना मिली थी। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर गड्ढों की गहराई की जांच की और स्थिति पर नजर बनाए रखी। ग्रामीणों ने मैलानी-नानपारा के बीच बंद ट्रेन संचालन को दोबारा शुरू करने के लिए इस क्रॉसिंग पर प्रदर्शन किया था।
