लखीमपुर में धान खरीद केंद्र खोलने से लेकर वेतन भुगतान तक, पैक्स सचिवों ने उठाईं 10 मांगें
लखीमपुर में पैक्स सचिव वेलफेयर सोसाइटी ने सहकारिता विभाग को 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा है, जिसमें धान खरीद केंद्रों की ...और पढ़ें

पैक्स सचिवों ने उठाईं 10 मांगें।
HighLights
धान खरीद केंद्र खोलने और बकाया कमीशन भुगतान की मांग।
कर्मचारियों को परिचय पत्र व पीएफ खातों में जमा राशि।
वेतन भुगतान सुनिश्चित करने व कैडर सचिवों के स्थायीकरण की मांग।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। सहकारी समितियों के संचालन और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पैक्स सचिव वेलफेयर सोसाइटी उत्तर प्रदेश की जिला शाखा ने सहकारिता विभाग के सामने 10 सूत्रीय मांगपत्र रखकर तत्काल समाधान की मांग की है।
संगठन का कहना है कि समितियों के सामने वित्तीय संकट और कर्मचारियों की व्यावहारिक दिक्कतों के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई न होने पर किसानों और समितियों दोनों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को दिए मांगपत्र में कहा गया है कि धान खरीद के लिए आवेदन या प्रस्ताव भेजने वाली सभी पात्र सहकारी संस्थाओं को क्रय केंद्र खोलने की अनुमति दी जाए।
वहीं पीसीएफ, पीसीयू और यूपीएसएस में बकाया धान व गेहूं खरीद कमीशन की धनराशि तत्काल समितियों के खातों में स्थानांतरित करने की मांग की गई है।
सचिवों ने विभाग से कार्यरत कर्मचारियों, प्रभारी सचिवों और कैडर सचिवों को परिचय पत्र जारी करने तथा कैडर सचिवों की पीएफ धनराशि उनके नाम से व्यक्तिगत खाते खोलकर जमा कराने की मांग की है। खाता संख्या 419 के माध्यम से व्यवसाय करने वाली समितियों को छोड़कर अन्य समितियों पर 1,000 रुपये के प्रकीर्ण व्यय की सीमा हटाने की मांग भी की गई है।
मांगपत्र में समितियों के सुचारू संचालन के लिए सहकार सारथी या कंप्यूटर सहायकों की तत्काल व्यवस्था, अध्यक्ष द्वारा हस्ताक्षर नहीं करने की स्थिति में वैकल्पिक हस्ताक्षर व्यवस्था तथा बकाया ब्याज अनुदान जारी कर कर्मचारियों के वेतन का नियमित मासिक भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है। वर्ष 2023 में पदोन्नत 25 कैडर सचिवों के स्थायीकरण और सचिवों की वार्षिक वेतनवृद्धि का आदेश जारी करने की भी मांग की गई है।
