तिकुनिया में प्रेमी से शादी की जिद पर टावर पर चढ़ी किशोरी, पुलिस की तीन घंटे की मशक्कत के बाद उतरी नीचे
लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में एक नाबालिग लड़की प्रेमी से शादी की जिद पर खैरटिया टावर पर चढ़ गई। पुलिस ...और पढ़ें

HighLights
नाबालिग लड़की प्रेमी से शादी की जिद पर टावर पर चढ़ी।
पुलिस ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद लड़की को उतारा।
परिजनों की असहमति के कारण लड़की ने यह कदम उठाया।
संवाद सूत्र, खैरटिया (लखीमपुर)। प्रेमी से शादी करने की जिद पर तिकुनिया के एक गांव की नाबालिग लड़की खैरटिया टावर पर चढ़ गई। कोतवाली पुलिस की तीन घंटे की मान मनोबल के बाद लड़की नीचे उतरी जिसे पुलिस थाने ले आई। तिकुनिया क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय नाबालिग लड़की सुबह करीब साढ़े पांच बजे खैरटिया के करीब डेढ़ सौ फीट ऊँचे टावर पर चढ़ गई।
मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची कोतवाली के दरोगा आलोक राय सहित तमाम पुलिस कर्मियों ने लड़की को काफी समझाया। टावर पर चढ़ी लड़की ने बताया कि वह पलिया निवासी एक युवक से प्यार करती है और उससे शादी करना चाहती है।
तीन घंटे बाद नीचे उतरी युवती
परिवार के लोग उसकी शादी करने से मना कर रहे हैं। पुलिस कर्मियों के काफी समझाने के करीब तीन घंटे बाद लड़की टावर से उतर गई। लड़की के टावर से उतरने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। पुलिस लड़की को थाने ले आई जहां पर उसके परिजनों को भी बुलाया गया है।
कोतवाली उप निरीक्षक आलोक राय ने बताया कि तीन घंटे बाद लड़की को सकुशल टावर से उतार लिया गया है। लड़की को थाने पर लाकर उसके परिजनों से बात कराई जा रही है। समझाने के बाद लड़की को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
