विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खीरी में चार साल की बच्ची से दरिंदगी के आरोपी के घर चला बुलडोजर, लखनऊ में चल रहा पीड़िता का इलाज

Published: Wed, 09 Sep 2026 11:33 AM (IST)

लखीमपुर खीरी में साढ़े चार साल की बच्ची से दरिंदगी के आरोपी खलील अहमद के अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।

बच्ची से रेप के आरोपी के घर चला बुलडोजर।

बच्ची से रेप के आरोपी के घर चला बुलडोजर।

HighLights

  1. आरोपी खलील अहमद के अवैध मकान पर चला बुलडोजर।

  2. साढ़े चार साल की पीड़ित बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार।

  3. पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपी को किया गया गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, लखीमपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में साढ़े चार साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के मामले में प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अभिरक्षा से भागने के दौरान मुठभेड़ में घायल हुए आरोपित खलील अहमद (55) के अवैध रूप से निर्मित मकान को प्रशासन ने मंगलवार को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह से जमींदोज कर दिया।

इस बीच सबसे बड़ी राहत की खबर यह है कि गंभीर हालत में लखनऊ रेफर की गई पीड़ित बच्ची के स्वास्थ्य में अब तेजी से सुधार हो रहा है और उसकी स्थिति पूरी तरह से ठीक बताई जा रही है। लखनऊ के प्रतिष्ठित अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उसका इलाज चल रहा है, जिससे परिजनों ने बड़ी राहत की सांस ली है।

अधिकारियों की देखरेख में गरजा बुलडोजर, मलबे में तब्दील हुआ आशियाना बच्ची से दुराचार की इस जघन्य वारदात को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त था। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल करने और अपराधियों को कड़ा संदेश देने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया।

उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह , तहसीलदार तथा राजस्व विभाग की पूरी टीम प्रशासनिक अमले और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रही। राजस्व टीम ने सबसे पहले आरोपित के अवैध निर्माण की पैमाइश की, जिसके तुरंत बाद सिंगाही थानाध्यक्ष राज बहादुर सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स और पीएसी की मौजूदगी में बुलडोजर ने आरोपी खलील के मकान को ढहाना शुरू किया। देखते ही देखते आरोपी का पूरा अवैध आशियाने को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया।

यह भी पढ़ें- 'किस अफसर के दौर में बनी अवैध इमारत?' CM रेखा गुप्ता के सवाल से हड़कंप; दिल्ली में बुलडोजर एक्शन का आदेश

चक्का जाम और हाफ एनकाउंटर के बाद प्रशासनिक प्रहार

गौरतलब है कि मामला दो अलग-अलग समुदायों के बीच का होने के चलते बीते दिनों बजरंग दल ने सिद्ध बाबा मंदिर के पास सिंगाही-बेलरायां मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर भारी हंगामा किया था।

इसके बाद बीती रात मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय आरोपी खलील अहमद ने मोटे बाबा मंदिर के पास पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने का प्रयास किया था।

थानाध्यक्ष सिंगाही के नेतृत्व में गठित तीन टीमों ने जब उसे सिद्ध बाबा मंदिर के पास घेरा, तो शातिर ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग झोंक दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर कड़े पुलिस पहरे के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

"मासूम बच्ची के साथ दुराचार करने वाले आरोपी खलील अहमद के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम, तहसीलदार व राजस्व टीम की मौजूदगी में आरोपी द्वारा किए गए अवैध निर्माण (मकान) को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है। पीड़िता के बेहतर उपचार के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और वह अब लखनऊ में पूरी तरह सुरक्षित व स्वस्थ है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।"

शिवम कुमार, क्षेत्राधिकारी, निघासन