लखीमपुर खीरी के किसान पंतनगर से सीखेंगे खेती के नए हुनर, खेतों में लिखेंगे खुशहाली की इबारत
लखीमपुर खीरी के 120 किसान कृषि विभाग की आत्मा योजना के तहत पंतनगर में आयोजित अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए रवाना हुए।

HighLights
120 किसान पंतनगर में कृषि मेला और प्रदर्शनी में भाग लेंगे।
आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत यंत्रों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
वैज्ञानिक खेती से जुड़कर उत्पादन, गुणवत्ता और आय बढ़ाने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर। कृषि विभाग की ओर से सब मिशन आन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के तहत 120 किसानों का अंतरराज्यीय प्रशिक्षण एवं भ्रमण दल शुक्रवार को पंतनगर के लिए रवाना हुआ। उप कृषि निदेशक गिरीश चंद्र ने किसानों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
किसान गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर, ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड में दो से छह अक्टूबर तक आयोजित अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में प्रतिभाग करेंगे।
कृषि कुम्भ के नाम से विख्यात मेले में किसान कृषि की आधुनिक तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों और खेती में नवाचारों की जानकारी हासिल करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान गेहूं की सीड ड्रिल से कतारों में बुवाई, दलहन फसलों में जैव उर्वरकों के उपयोग, तिलहन में सल्फर के प्रयोग की तकनीक समझाई जाएगी। इसके साथ ही किसानों को अंतःफसली खेती, श्री अन्न और प्राकृतिक खेती सहित अन्य उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।
भ्रमण का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती से जोड़कर उत्पादन, गुणवत्ता और आय बढ़ाने के लिए नई तकनीकों से परिचित कराना है। प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को किसान अपने खेतों में अपनाकर बेहतर परिणाम हासिल कर सकेंगे।
