विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत से नेपाल तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, 10 लाख के अवैध सामान के साथ तीन नेपाली तस्कर गिरफ्तार

Published: Tue, 27 Oct 2026 04:56 PM (IST)

कंचनपुर पुलिस ने भारत से नेपाल तस्करी किए जा रहे 10 लाख रुपये से अधिक के अवैध सामान को जब्त ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. कंचनपुर पुलिस ने 10 लाख से अधिक का अवैध सामान पकड़ा।

  2. भारत से नेपाल तस्करी करते तीन नेपाली नागरिक गिरफ्तार।

  3. साइकिल पुर्जे, मिठाई, कपड़े सहित विभिन्न वस्तुएं बरामद।

संवादसूत्र, गौरीफंटा (लखीमपुर)। भारत से तस्करी कर नेपाल ले जाए जा रहे सामान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कंचनपुर पुलिस ने दो दिनों में विभिन्न स्थानों से 10 लाख चार हजार 385 रुपये का अवैध सामान बरामद किया है। पुलिस ने सामान ढोने वाले तीन नेपाली नागरिकों को भी पकड़ा है। बरामद सामान और आरोपितों को आवश्यक कार्रवाई के बाद कस्टम कार्यालय गड्डा चौकी के सुपुर्द किया गया है।

जिला पुलिस कार्यालय कंचनपुर के अनुसार, रविवार और सोमवार को पुलिस की गश्ती टीमों ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान भारत से अवैध रूप से नेपाल लाया जा रहा पांच लाख 17 हजार रुपये का सामान बरामद हुआ। इसमें साइकिल के पुर्जे, ट्यूब, मिठाई, मोटरसाइकिल, बीड़ी के बंडल और मछली सहित पेय पदार्थ शामिल हैं।

इसी क्रम में पुलिस ने तीन लाख 74 हजार 225 रुपये के कपड़े, खाद्यान्न और किराना का सामान भी बरामद किया। सोमवार को तस्करी का सामान ढोने के आरोप में तीन लोगों को माल सहित नियंत्रण में लिया गया। पकड़े गए लोगों की पहचान लप्टन चौधरी, किसन दत्त जोशी और लबराज चटौत के रूप में हुई है। तीनों नेपाली नागरिक हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के पास से भारतीय नंबर प्लेट लगी एक मोटरसाइकिल और प्रतिबंधित प्लास्टिक के झोले भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद सामान और तीनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित कस्टम कार्यालय गड्डाचौकी को सौंप दिया गया है।

यह भी पढ़ें- कुंभी चीनी मिल में लगा बेल्जियम से आया 200 टन का वेसल, देश के पहले बायोप्लास्टिक प्लांट से खुलेंगे रोजगार के द्वार