मामूली विवाद में युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
सेमराजानीपुर की निवासी पिकी ने बताया उसकी पुत्री शोभित (15) पड़ोसी छुटक्के के घर के पास बैठी थी। इसी बीच छुटक्के का चचेरा चाचा सोनू गांव में कहीं से वापस घर लौट रहा था। तभी सोनू उसकी बेटी शोभित के साथ मारपीट करने लगा। यह देख पिकी ने सोनू को मना किया लेकिन वह नहीं माना।
लखीमपुर: पसगवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेमराजानीपुर में मामूली विवाद में एक युवक को कुल्हाड़ी से वार करके घायल कर दिया गया। घायल युवक को इलाज के लिए मोहम्मदी ले जाया जा रहा था लेकिन, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार दोपहर की है। ग्राम सेमराजानीपुर की निवासी पिकी ने बताया उसकी पुत्री शोभित (15) पड़ोसी छुटक्के के घर के पास बैठी थी। इसी बीच छुटक्के का चचेरा चाचा सोनू गांव में कहीं से वापस घर लौट रहा था। तभी सोनू उसकी बेटी शोभित के साथ मारपीट करने लगा। यह देख पिकी ने सोनू को मना किया लेकिन, वह नहीं माना। इस पर पिकी ने गांव के बाहर खेत पर काम कर रहे अपने पति दीपक आरख (35) पुत्र सुरेश कुमार को बुला लिया। इसके बाद सोनू व दीपक के बीच कहासुनी होने लगी। तभी सोनू ने दीपक पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया। सिर पर कुल्हाड़ी लगने से दीपक गिर पड़ा और मौका पाकर सोनू भाग गया। दीपक के लहूलुहान होने पर उसकी पत्नी ने घटना की सूचना यूपी 112 पर दी।
बेसहारा हो गया दीपक का परिवार
बरबर: दीपक के नाम मात्र दो बीघा जमीन है। मजदूरी करके वह छह बच्चों का पालन पोषण करता था। दीपक की मौत के बाद उसका परिवार बेसहारा हो गया। बड़ी पुत्री शोभित (15), पुत्र विशाल (11), पुत्री खुशबू (09), पुत्री गौरव (08), पुत्र कुशल (06) व छोटी बेटी पारुल (04) है। परिवार में इनका कोई भरण पोषण करने वाला नही है। दीपक की मौत से बच्चों सहित उसकी पत्नी बेसुध सी हो गई है।
जिम्मेदार की सुनिए
तहरीर के आधार पर हत्यारोपित सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही सोनू की गिरफ्तारी की जाएगी।
आदर्श सिंह, एसएचओ, कोतवाली पसगवां।