लांगेस्ट स्पीच मैराथन का वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत के नाम, यतीश ने पूरे किए 90 घंटे
67 विषयों पर निरंतर भाषण देकर लांगेस्ट स्पीच देने का गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया।
लखीमपुर, जेएनएन। लांगेस्ट स्पीच मैराथन का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने में लगे यतीश चन्द्र शुक्ला नेपांचवे दिन बुधवार को एक और विश्व इतिहास रचा। जिले स्थित कृष्ण मैरेज लान आनंद सिनेमा रोड में शनिवार दोपहर ढाई बजे से शुरू कर यतीश ने सबसे लंबी स्पीच का 90 घंटे का कीर्तिमान ध्वस्त कर दिया। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र देकर वर्ल्ड चैंपियन घोषित किया गया। अब तक तीन विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। उधर, बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कड़ाके की ठंड में भी हौसले बुलंद
बता दें, तीसरे दिन यानी सोमवार को शाम 6 बजे तक 65 घंटे पूरे करते ही शहर में युवाओं का जोश दुगुना हो गया। युवाओं ने नगर के विभिन्न मार्गों से लांगेस्ट स्पीच मैराथन के लिए जागरूकता रैली निकाली। वहीं, कड़ाके की ठंड होने के बाद भी यतीश के हौसले बुलंद दिखे। रविवार शाम 5.48 बजे जैसे ही 25 घंटे पूरे किए।सुबह 5:14 पर 12 घंटे बाद 5 मिनट का पहला ब्रेक लिया। दूसरा ब्रेक 8:30 पर 4 मिनट का तीसरा ब्रेक 11 बजे एक मिनट का लिया। इस दौरान उन्होंने एक ब्लैक कॉफी और ग्रीन टी के अलावा दाल का सूप पिया।
मंत्री ने भी सुनीं स्पीच
मंत्री अनुपमा जायसवाल भी यतीश को लगातार भाषण देते देखने के लिए आईं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद वाजपेयी, शिवकांत मिश्र और नगर विधायक योगेश वर्मा ने भी आकर यतीश का उत्साहवर्धन किया।
पहले भी बना चुके हैं वर्ल्ड रिकॉर्ड
गौरतलब हो कि 10 जून 2018 को गोला निवासी यतीश चंद्र शुक्ला ने गोरखपुर में 148 घंटे 14 मिनट 23 सेकेंड तक विद्यार्थियों को लगातार पढ़ाकर पहला विश्व रिकॉर्ड बनाया था। उसके बाद गोला के कृषक समाज इंटर कॉलेज में 25 से 30 सितंबर 2018 के बीच 12 घंटे 33 मिनट 44 सेकेंड तक लगातार 42 किताबों को पढ़कर दूसरा विश्व रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद उन्होंने 100 घंटे तक लगातार भाषण देकर तीसरा वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का आगाज शनिवार से कर दिया है। इनकी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय और उच्च शिक्षा शिया पीजी कॉलेज लखनऊ से प्राप्त की है।