हाईवे पर ससुर-दामाद की हादसे में मौत
नेशनल हाइवे पर गोमती पुल के निकट हुए सड़क हादसे में ससुर-दामाद की मौत हो गई।
लखीमपुर : नेशनल हाइवे पर गोमती पुल के निकट हुए सड़क हादसे में ससुर-दामाद की मौत हो गई। दोनों चपरतला से लड़की के लिए लड़का देखकर वापस आ रहे थे।
पसगवां थाना क्षेत्र की उचौलिया चौकी के गांव मोहदियापुर निवासी रामबक्श दामाद कमलेश निवासी ग्राम पाराकरावा थाना मझिला के साथ चपरतला में लड़की के लिए लड़का देखने गए थे। दोनों वहां से बाइक से वापस आ रहे थे। गोमती पुल के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होने पर जहानीखेड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज आरके तिवारी, प्रमोद तिवारी, अंकुर, मनोज कुमार, वीर सिंह आदि ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया। कांस्टेबल वीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर रामबक्श के पुत्र ने मौके पर पहुंच कर शवों की शिनाख्त की। लोगों का कहना है जगह जगह क्षतिग्रस्त हाईवे एक्सीडेंटल जोन बनता जा रहा है। आएदिन हादसे हो रहे हैं। पिहानी मोड़ के पास हाईवे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात बंद होने से एक ही साइड से वाहन आमने सामने से गुजरते हैं और रविवार को भी इसी के चलते यह हादसे हो गया।
सड़कों पर छाया रहा कोहरा, शीत लहर से ठिठुरे लोग रविवार को भी सुबह के वक्त सड़कों पर कोहरा दिखाई दिया। मौसम काफी ठंडा रहा। सर्द मौसम के चलते लोग घरों से देर से निकले। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर में ओवरब्रिज के नीचे, सदर चौराहे आदि जगहों पर रात के वक्त अलाव के अलावा तीन-तीन रैन बसेरे भी चलाए जा रहे हैं। रविवार की सुबह घने कोहरे में लिपटी दिखाई दी। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी काफी धीमी रही। दोपहर में रास्तों पर भी चहल-पहल रही। शाम ढलने के बाद फिर लोग सड़कों के किनारे अलाव ताप कर ठंड दूर करते नजर आए।