'इस बार फीकी रही किसानों की दीपावली'
लखीमपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने दीपावली के
लखीमपुर : पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने दीपावली के पहले गन्ने का भुगतान तो किया नहीं, साथ ही धान खरीद केंद्रों पर खरीद न हो पाने के कारण किसानों की दीपावली इस बार फीकी रही। किसान गन्ने के भुगतान के लिए मिलों के चक्कर लगाता रहा, पर अभी तक पिछले सीजन के गन्ने का भुगतान नहीं हो पाया है और मिलें नए सत्र की पेराई के लिए तैयार हो रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने रविवार को ये बातें धौरहरा विधानसभा के गांवों में सभाओं को संबोधित करते हुए कहीं।
जितिन प्रसाद ने कहा कि आज किसान, नौजवान, महिलाएं सभी परेशान हैं। चुनाव से पहले भाजपा ने बड़े-बड़े वादे किए थे। चुनाव जीतने के बाद भाजपा सरकारें जनता के बीच किए गए सभी वादों को भूल गई हैं। जहां किसान धान बेंचने के लिए साहूकारों के पास जा रहा है, वहीं पर साहूकार और बिचौलिए मिलकर किसानों के खून पसीने की कमाई का फायदा उठा रहे हैं। जितने भी धान खरीद सेंटर हैं, वह सभी कागजों पर चल रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से सेंटरों पर सीधे किसानों से खरीददारी न होकर बिचौलिए और साहूकार अपना धान बेंच रहे हैं और कमाई कर रहे हैं। दीपावली के त्योहार पर भी किसान इच्छानुसार अपने परिवारों को खुशियां नहीं दे पाए। निश्चित रूप से यह किसानों, नौजवानों और महिलाओं के साथ भाजपा सरकार का छलावा है। नौजवान आज रोजगार की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। उन्हें कहीं भी रोजगार नहीं मिल पा रहा है। वहीं महिलाओं की भी स्थिति ठीक नहीं है। सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। जितिन प्रसाद ने ग्राम गुरगुट्टा, लोहरीपुर, गजइया, बस्तौरीपुरवा, भौव्वापुर व हरदी में सभाओं को संबोधित किया। इससे पहले लखीमपुर में वरिष्ठ कांग्रेसी पंकज शुक्ला के आवास पर कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श भी किया। इस दौरान उनके साथ पप्पू वर्मा, राजेश अवस्थी, जमाल अहमद, बाबूराम, कमलेश मिश्र, सुशील श्रीवास्तव, सर्वेश, जीते भार्गव, चंद्रेश यादव, महेंद्र ¨सह, ओम प्रकाश, दिनेश ¨सह, जेपी यादव, उत्तम लोधी, अयूब, जगदीश शुक्ला व राजेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।