किसानों ने सांसद वरुण गांधी का पुतला फूंका
तहसीलदार को ज्ञापन देकर धान खरीद की डिटेल पोर्टल पर चढ़ाने की मांग की। किसानों ने सांसद का मंडी गेट पर पुतला भी फूंका।
लखीमपुर : राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन आइटी सेल के बैनर तले किसानों ने पीलीभीत के सांसद वरुण गांधी पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीएम सिंह पर अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने सांसद का मंडी गेट पर पुतला भी फूंका। इसके बाद तहसील पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन दिए हैं।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन आइटी सेल के तहसील अध्यक्ष गुरप्रताप सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में किसान मंडी गेट पर जमा हुए। यहां पर उन्होंने सांसद वरुण गांधी का पुतला फूंका। किसानों का कहना था कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक वीएम सिंह पर सांसद वरुण ने अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी की है। अपशब्द कहकर उन्हें अपमानित करने का कार्य किया है, जिसे संगठन बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा। पीलीभीत सांसद पर एफआइआर दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की मांग किसानों ने की। इसके अलावा तहसील पहुंचकर तहसीलदार आशीष कुमार को ज्ञापन दिया। जिसमें कहा गया है कि जिन किसानों का धान पलिया मंडी के क्रय केंद्र पर तौला गया है, वह अभी तक पोर्टल पर नहीं चढ़ा है, जिससे पेमेंट आने में देरी हो रही है। किसानों के नामों की सूची देकर उनका नाम पोर्टल पर चढ़वाने की मांग की गई है। इस दौरान हरमनजीत सिंह, देवेंद्र सिंह, सोहेल खान, हरविदर सिंह, गुरजंट सिंह, बलविदर सिंह, मंदीप सिंह, पाल सिंह, रामकैलाश समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।