साध्वी प्राची ने कहा- अयोध्या में 25 को होने वाली धर्मसंसद से तय होगा मंदिर के निर्माण का रास्ता
फायरब्रांड हिंदू नेता साध्वी प्राची ने कहा 25 को अयोध्या में होने वाली धर्म संसद से ही राम मंदिर निर्माण का रास्ता तय होगा। अब राम का भव्य मंदिर बनने से कोई भी नहीं रोक सकता।
लखीमपुर (जेएनएन)। हिंदूवादी नेता साध्वी प्राची को भरोसा है कि 25 नवंबर को अयोध्या में होने वाली धर्म संसद से ही श्रीराम के भव्य मंदिर का रास्ता तय होगा। साध्वी प्राची अयोध्या जाने के लिए लखीमपुर में थीं।
फायरब्रांड हिंदू नेता साध्वी प्राची ने कहा कि 25 नवंबर को अयोध्या में होने वाली धर्म संसद से ही राम मंदिर निर्माण का रास्ता तय होगा। अब तो राम का भव्य मंदिर बनने से कोई भी नहीं रोक सकता।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर पर सरकार सुप्रीम कोर्ट की बात कर रही है लेकिन अगर सुप्रीम कोर्ट जल्द फैसला नहीं देता है तो सरकार को अध्यादेश लाकर जल्द से जल्द राम मंदिर का निर्माण शुरू करना चाहिए। हमें अयोध्या में बाबर के नाम की मस्जिद किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं है।
साध्वी प्राची ने कहा कि कोर्ट के जनवरी में मंदिर मामले की सुनवाई करने के फैसले से राम भक्तो में काफी रोष है। आखिर कब तक देश की शीर्ष कोर्ट तारीख पर तारीख तारीख पर तारीख देता रहेगा। देश में हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले का संज्ञान लेकर अध्यादेश लेकर आए और जल्द से जल्द राम मंदिर का निर्माण करवाए। देश में जैसे सोमनाथ के मंदिर का कानून बनाकर निर्माण किया गया था वैसे ही इसका भी होना चाहिए। अब लोगों को जरा भी इंतजार पसंद नहीं है। कोर्ट से तो निराशा हाथ लग रही है। वह सिर्फ तारीख पर तारीख दे रहा है मंदिर निर्माण पर फैसला नहीं ले रहा है।
उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले से राम भक्त काफी निराश हुए हैं। सरकार को इसका परिणाम 2019 में देखने को मिलेगा। इस मामले में अब कोर्ट के फैसले का इंतजार न करते हुए भाजपा सरकार अध्यादेश लाकर मंदिर का निर्माण करवाना चाहिए।
साध्वी प्राची ने कहा कि राम जी का मंदिर धूमधाम से बनेगा। इसका शिलान्यास भी हमें छह दिसंबर को ही करना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के अंदर हिंदुस्तान के हिंदुओं को बुलाओ और राम मंदिर की घोषणा करो। इसके बाद तो किसी की जरूरत नहीं है। अयोध्या में राम मंदिर बन जाएगा।
राहुल गांधी को नकली पंडित बताया
साध्वी प्राची ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि वह तो जनेऊ धारी नकली पंडित हैं। इस तरह के लोग अब समाज को गुमराह नहीं कर सकते।