72 घंटों में किसानों के खाते में पैसा पहुंचाएं: आयुक्त
किसानों के धान की खरीद को लेकर सजग शासन के दिशा निर्देशों के तहत मंगलवार को निरीक्षण किया।
लखीमपुर : किसानों के धान की खरीद को लेकर सजग शासन के दिशा निर्देशों के तहत मंगलवार को अनिल कुमार अपर आयुक्त खाद विभाग ने अचानक कृषि उत्पादन मंडी समिति पहुंचकर धान खरीद केंद्रों की गहनता से पड़ताल की। साथ ही किसानों की समस्याओं के तत्काल निराकरण के लिए एसडीएम अखिलेश यादव को निर्देशित किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कहा कि किसी भी किसान की धान खरीद में किसी प्रकार की सरकारी तंत्र की लापरवाही उजागर होने पर दोषी कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। किसानों को उनकी उपज की बिक्री का पैसा 72 घंटों के अंदर उनके खातों में पहुंच जाना चाहिए। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। धान खरीद में अनियमितता, निरंतर किसानों की शिकायतों, राइस मिलर्स से केंद्र प्रभारियों की सांठ-गांठ की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। साथ ही मंडी सचिव को धान सुखाने के लिए ब्लोइंग फैन की व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया। किसान का धान रिजेक्ट करने से पहले एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर स्पष्टीकरण देना होगा। सरकार की मंशा है, कि प्रत्येक किसान का धान सरकारी खरीद केंद्रों पर खरीदा जाए। एनसीसीएफ केंद्र का निरीक्षण करने में पाया कि 5609.60 क्विटल धान खरीद की गई। लेकिन इस खरीद का कोई पैसा किसानों के खातों मे ट्रांसफर नहीं किया गया। जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए केंद्र प्रभारी सत्यम गुप्ता की फटकार लगाई। साथ ही केंद्र के जिला डीएस अभिषेक सिन्हा को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। साथ ही केंद्र पर तमाम अनियमितताएं पाई गई। इसी कड़ी में उन्होंने केंद्र के सभी धान खरीद केंद्रों पर गहनता से पड़ताल करते हुए कडी कार्रवाई किए जाने के संकेत दिए। वहीं उन्होंने धान बेचने आए किसानों सुखदेव सिंह शाहनगर, बलविदर सिंह शाहनगर, राजबीर सिंह पहाड़नगर आदि से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।