धनगढ़ी कब्रिस्तान में कोरोना संक्रमित का शव दफनाने के विरोध में प्रदर्शन
नेपाल के धनगढ़ी शहर में गुरुवार सुबह कोरोना संक्रमण से मृत महिला का शव कब्रिस्तान में दफनाया।
लखीमपुर: नेपाल के धनगढ़ी शहर में गुरुवार सुबह कोरोना संक्रमण से मृत महिला का शव कब्रिस्तान में दफनाने से बवाल भड़क गया। संक्रमण के जोखिम को लेकर लोगों ने विरोध करते हुए कब्रिस्तान में ताला डाल दिया। आसपास के नागरिकों ने गेट पर टायर जलाकर विरोध जताया। कैलाली जिला प्रशासन व महानगर पालिका ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
धनगढ़ी उप महानगर पालिका वार्ड दो की 57 वर्षीय मुस्लिम महिला की गुरुवार को सुबह सेती अंचल अस्पताल में कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। उसके बाद महिला के शव को धनगढ़ी के कब्रिस्तान में दफना दिया गया। कुछ देर बाद जब आसपास रहने वाले लोगों को इसका पता चला तो उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया। थोड़ी देर में ही संबंधित वार्ड के तमाम नागरिक एकत्र हो गए और उन लोगों ने संक्रमण फैलने की आशंका जताते हुए कब्रिस्तान के गेट में ताला डाल दिया। किसी को भी वहां जाने से रोक दिया। नागरिकों द्वारा संक्रमित का शव दफनाने का विरोध करने की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन व महापालिका के अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया, लेकिन नागरिकों का आक्रोश कम नहीं हुआ। मेयर नृप बहादुर बाड़ का कहना है कि शव व्यवस्थापन के क्रम में जिला प्रशासन व नेपाली सेना ने कोई समन्वय नहीं किया। इसलिए यह दिक्कत उत्पन्न हुई। अब दफनाए गए शव को निकालना उचित नहीं हैं। सेना ने नौ फिट गहरे गड्ढे में शव को दफनाया है। आगे से निश्चित स्थान पर सतर्कता का ध्यान रखते हुए शव को दफनाने दिया जाएगा।
कैलाली जिलाधिकारी यज्ञराज बोहरा ने बताया कि स्थान का अभाव होने के कारण शव को कब्रिस्तान में दफनाया गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित लोगों का जहां भी शव दफनाया जाता है वहीं विरोध हो रहा है। सामुदायिक वन में शव दफनाने में भी स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। मुस्लिम समुदाय के लोगों के कहने पर ही शव को यहां पर दफनाया गया है।