सांसद ने कहा, पीएम मोदी ने कोरोना काल में भी छुईं बुलंदियां
सांसद ने भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय का लोकार्पण किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कार्यालय बनने पर बधाई दी।
लखीमपुर : सांसद रेखा वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में देश ने महामारी को भी अवसर में बदलने का काम किया। देश ने कई इतिहास रचे, कई आयाम तय किए। उन्होंने कहा कि देश जिस तेजी के साथ बुलंदियां छू रहा है वह पीएम मोदी के अलावा किसी की अगुवाई में संभव नहीं था। वह सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के मोहम्मदी विधान सभा के नवनिर्मित कार्यालय का लोकार्पण कर रहीं थीं। जिसके बाद वह एक गोष्ठी को संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कार्यालय बनने पर बधाई दी। जिला पंचायत अध्यक्ष सुमन नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा ही ऐसा संगठन है जो कार्यकर्ता आधारित है और मोहम्मदी में एक कार्यालय की आवश्यकता थी जिसका शुभारंभ किया गया है। विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मोहम्मदी विधान सभा को यह कार्यालय मिलना एक बड़ी उपलब्धि है अब कार्यकर्ताओं को विधान सभा स्तर की बैठकों के लिए परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं को विधानसभा स्तरीय कार्यालय के निर्माण और लोकार्पण पर बधाई देते हुए कहा कि वह सभी कार्यकर्ताओं के साथ हर समय उनके सुख-दु:ख में खड़े हैं। बैठक को नगर पालिका अध्यक्ष संदीप मेहरोत्रा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरमेज सिंह, पूर्व प्रधान कलुआ भूरे, महेंद्र बाजपेई, कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, ग्राम बहादुर नगर के पूर्व प्रधान जगदीश प्रसाद मिश्रा, बार संघ के पूर्व महामंत्री मानस त्रिवेदी पिपरौला कुंवरपुर के कमल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।