Lakhimpur News: भैंस की रगड़ से बीम गिरा, नीचे दबी महिला की मौत, गलत इलाज से गई लड़की की जान
गांव की मूला देवी (52) पत्नी रामगोपाल शनिवार को दिन में घर में बंधी भैंस को खोलने गई थीं। जब मूला देवी ने भैंस को खोला तो उसने भागने का प्रयास किया और घर के पिलर से जाकर पीठ रगड़ने लगी।
लखीमपुर, जागरण संवाददाता। बबौरा के मजरा चौरी खुर्द में घर का बीम गिरने से महिला की उसके नीचे दबकर मौत हो गई। गृहस्वामिनी की मौत से परिवारजन में कोहराम मचा हुआ है।
गांव की मूला देवी (52) पत्नी रामगोपाल शनिवार को दिन में घर में बंधी भैंस को खोलने गई थीं। जब मूला देवी ने भैंस को खोला तो उसने भागने का प्रयास किया और घर के पिलर से जाकर पीठ रगड़ने लगी। उसके दबाव से पिलर गिर पड़ा और बीम भी भरभरा कर गिर गया।
मूला देवी बीम के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। टिन से बने घर को गिरते देख परिवार के अन्य लोग दौड़कर आए और मूला देवी को किसी तरह निकालकर जिला अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में हालत खराब होने पर शारदानगर में प्राइवेट चिकित्सक के यहां दिखाया, पर तब तक मूला देवी ने दम तोड़ दिया था। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
झोलाछाप के इलाज से लड़की की मौत
हैदराबाद के ग्राम रोशननगर स्थित झोलाछाप के इलाज से लड़की की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिवारजन ने लापरवाही का आरोप लगाकर क्लीनिक पर हंगामा किया। रामपुर डाटपुर निवासी पवन अपनी तीन वर्षीय पुत्री पायल का उक्त क्लीनिक पर इलाज करा रहा था। सूचना पर पुलिस भी मौके पहुंची, जिसके बाद मृतका के परिवारजन व झोलाछाप के बीच समझौता हो गया। मृतका के परिवारजन ने पुलिस कार्यवाही से इन्कार कर दिया है।