नेपाल में अब बिना वर्क परमिट के काम नहीं कर सकेंगे भारतीय
नेपाल सरकार ने वहां पर उद्योगों, कंपनियों और अन्य संस्थानों में काम करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए वर्क परमिट अनिवार्य कर दिया है।
लखीमपुर : भारत और नेपाल भले ही मित्र राष्ट्र हों, लेकिन हाल के समय में नेपाल सरकार द्वारा लिए गए कुछ निर्णयों से इन संबंधों पर असर पड़ा है। कुछ समय पहले नेपाल सरकार ने भारतीय 100 रुपये से बड़े नोटों के प्रचलन पर रोक लगा दी थी। अब नेपाल में काम करने वाले भारतीय कामगारों और मजदूरों के लिए अच्छी खबर नहीं है। अब नेपाल में भारतीय कामगारों को बिना परमिट के काम करने की इजाजत नहीं होगी। दरअसल नेपाल सरकार ने वहां पर उद्योगों, कंपनियों और अन्य संस्थानों में काम करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए वर्क परमिट अनिवार्य कर दिया है। नेपाल के श्रम और व्यावसायिक सुरक्षा विभाग ने देशभर में अपने दफ्तरों को आदेश जारी करते हुए कहा कि देश के अलग-अलग सेक्टर्स में काम करने वाले सभी भारतीय कामगारों की वास्तविक संख्या बताएं। इधर अलग-अलग जगहों पर तैनात पुलिस व ट्रैफिक पुलिस अभी से ही भारतीयों से जरूरी कागजों के साथ वर्क परमिट भी मांगने लगी है। इसकी आड़ में शोषण और उत्पीड़न की बात भी सामने आ रही है। विभाग के औद्योगिक निरीक्षक प्रशांत शाह की ओर से जारी आदेश में संबंधित दफ्तरों से भारतीय कामगारों की संख्या मंगवाई गई है। इधर नेपाल से भारत के विभिन्न शहरों में काम की तलाश में जाने वाले नेपाली नागरिकों से संधि के तहत किसी तरह की कोई लिखित अनुमति पत्र आदि नहीं लिया जाता है।