अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो अभियुक्त गिरफ्तार
थाना निघासन पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करके दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनसे कई बने व अधबने अवैध असलहे और उन्हें बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
लखीमपुर : थाना निघासन पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करके दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कई बने व अधबने अवैध असलहे और उन्हें बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
शनिवार रात थाना निघासन के प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि पढुआ रोड से जम्हौरा जाने वाले लिक मार्ग पर ग्राम दीनपुरवा स्थित गन्ने के खेत में कुछ लोग अवैध असलहे बना रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दो अभियुक्तों को अवैध शस्त्र फैक्ट्री संचालित करते हुए पकड़ा लिया। तीसरा अभियुक्त मौके से भाग गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने अपने नाम मोती व हरनाम निवासीगण टापरपुरवा मजरा हसनापुर, थाना ईसानगर बताया। इनके कब्जे से पूर्ण रूप से निर्मित 315 बोर के पांच तमंचे, 12 बोर के दो तमंचे, 12 बोर की दो बंदूक और 12 बोर का एक अर्धनिर्मित तमंचा व एक अर्धनिर्मित बंदूक, 12 बोर की एक कारतूस व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए। एसपी विजय ढुल ने रविवार को पुलिस लाइंस सभागार में प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों शातिर अपराधी हैं। इसमें मोती पर 11 व हरनाम पर तीन मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। एसपी ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया है।